

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

`khairagarh-murder-case-youth-beaten-to-death-over-illicit-r
खैरागढ़। छत्तीसगढ़ में अपराध के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला खैरागढ़ जिले के खैरागढ़ थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां अवैध संबंध के शक में एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक घटना खैरागढ़ थाना क्षेत्र के किल्लापारा इलाके की है। यहां एक ठेकेदार युवक अक्सर एक महिला को उसके गांव छोड़ने जाया करता था। 8 मार्च की शाम को भी वह महिला को छोड़ने गाडाडीह गांव पहुंचा था। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों को दोनों के बीच अवैध संबंध होने का शक हुआ।
शक के चलते कुछ लोगों ने युवक को रास्ते में रोक लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। युवक ने विरोध किया तो विवाद और बढ़ गया। इसके बाद आरोपियों ने युवक को लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा, जिससे उसके चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें आ गईं और वह बुरी तरह घायल हो गया।
घायल युवक को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरागढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही खैरागढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपियों की पहचान कर पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में दो नाबालिग भी शामिल हैं।
पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 107/2026 के तहत धारा 103(2), 190, 191(1), 191(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत केस दर्ज किया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है।