

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

jay shah re elected icc chairman india host 2029 champions trophy 2031 world cup
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के लिए एक बार फिर बड़ी खबर सामने आई है। जय शाह को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) का चेयरमैन दूसरी बार निर्विरोध चुन लिया गया है। आईसीसी ने आधिकारिक बयान जारी कर इसकी पुष्टि की है। बाली में आयोजित आईसीसी की बैठक में निदेशकों ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसके बाद उन्हें दोबारा इस पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
गौरतलब है कि जय शाह ने साल 2024 में पहली बार आईसीसी चेयरमैन का पद संभाला था। इससे पहले वह भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। अब दूसरी बार निर्विरोध चुने जाने के बाद उनका कार्यकाल आगे भी जारी रहेगा।
दूसरी बार चेयरमैन चुने जाने पर जय शाह ने आईसीसी बोर्ड और सभी निदेशकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बोर्ड ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसके लिए वह सम्मानित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने सभी निदेशकों को लगातार समर्थन देने के लिए धन्यवाद भी दिया।
जय शाह ने कहा कि आईसीसी चेयरमैन बनना उनके लिए गर्व के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। वह अपने साथियों के साथ मिलकर क्रिकेट को दुनिया के अधिक से अधिक देशों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
बाली में हुई आईसीसी की बैठक में जय शाह के दोबारा चेयरमैन चुने जाने के साथ क्रिकेट से जुड़े कई अहम फैसले भी लिए गए। बैठक में साल 2035 तक के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर को लेकर भी योजनाएं तय की गईं।
इस दौरान भारत को दो बड़े आईसीसी टूर्नामेंट की मेजबानी मिली है।
2029 चैंपियंस ट्रॉफी: भारत इस टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा।
2031 वनडे वर्ल्ड कप: भारत और बांग्लादेश संयुक्त रूप से वनडे विश्व कप की मेजबानी करेंगे।
इन फैसलों के बाद आने वाले वर्षों में भारत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बड़े आयोजनों का प्रमुख केंद्र बना रहेगा। वहीं, जय शाह के दूसरी बार चेयरमैन बनने से आईसीसी के नेतृत्व में भी निरंतरता बनी रहेगी।