

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

jhumka boat club fight parking dispute cctv footage korea district chhattisgarh
कोरिया। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल झुमका बोट क्लब में गुरुवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पार्किंग में वाहन खड़ा करने की मामूली बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। सैलानियों से भरे बोट क्लब परिसर में दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लात-घूंसे चलने लगे।
घटना का पूरा घटनाक्रम परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है। वायरल हो रहे फुटेज में दोनों पक्षों के लोगों को एक-दूसरे पर हमला करते हुए देखा जा सकता है। अचानक हुई मारपीट से मौके पर मौजूद पर्यटकों, महिलाओं और बच्चों में दहशत फैल गई। कई लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।
सूचना मिलते ही बैकुंठपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पार्किंग विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना सामने आई है। मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
झुमका बोट क्लब कोरिया जिले का एक प्रमुख पर्यटन केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय और बाहरी पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे सार्वजनिक स्थल पर पार्किंग विवाद का हिंसक रूप लेना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले दिनों और शाम के समय यहां अतिरिक्त सुरक्षा गार्ड, सीसीटीवी निगरानी और नियमित पुलिस पेट्रोलिंग की व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।