

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

kabra elephant tranquilized surguja surajpur chhattisgarh
छत्तीसगढ़ के सरगुजा और सूरजपुर जिले में पिछले छह महीनों से दहशत का कारण बने उत्पाती हाथी 'कबरा' को आखिरकार वन विभाग की टीम ने ट्रेंकुलाइज कर लिया है। बुधवार सुबह रामगढ़ पहाड़ी के नीचे दो प्रशिक्षित कुमकी हाथियों की मदद से इस अभियान को सफल बनाया गया। बताया जा रहा है कि कबरा के हमलों में अब तक 19 लोगों की जान जा चुकी है।
जानकारी के मुताबिक, कबरा 17 हाथियों के झुंड में शामिल था, जिसके चलते उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ना वन विभाग के लिए चुनौती बना हुआ था। बुधवार सुबह वन विभाग की टीम कुमकी हाथियों दुर्योधन और तीरथ के साथ मौके पर पहुंची। इसके बाद वन्यजीव चिकित्सक ने ट्रेंकुलाइजर गन से कबरा को बेहोश किया।
पहले भी हो चुके थे प्रयास
कबरा को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम पिछले कई दिनों से लगातार निगरानी कर रही थी। सोमवार को भी उसे ट्रेंकुलाइज करने की कोशिश की गई थी, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद टीम ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी और सही मौके का इंतजार किया। करीब छह दिनों के विशेष अभियान के बाद बुधवार को टीम को सफलता मिली।
रेडियो कॉलर पहनाकर भेजा जाएगा रेस्क्यू सेंटर
ट्रेंकुलाइज किए जाने के बाद अब कबरा को रेडियो कॉलर पहनाने की प्रक्रिया की जा रही है। इससे वन विभाग उसकी लोकेशन और गतिविधियों पर लगातार नजर रख सकेगा। विशेषज्ञ टीम उसकी स्वास्थ्य स्थिति की भी जांच करेगी।
सीसीएफ वाइल्ड लाइफ प्रणय मिश्रा के मुताबिक, जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद कबरा को सुरक्षित रेस्क्यू सेंटर भेजने की तैयारी है। हालांकि, उसे रेस्क्यू सेंटर तक सुरक्षित पहुंचाना वन विभाग के सामने अगली बड़ी चुनौती होगी।