

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

kanhaiya kumar arrested delhi police kerala house controversy
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता और नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार को दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार (24 जुलाई 2026) को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई केरल हाउस के रेजिडेंट कमिश्नर पुनीत कुमार की शिकायत के बाद की गई। कन्हैया कुमार की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।
जानकारी के मुताबिक, कन्हैया कुमार किसी दोस्त के नाम से बुक किए गए कमरे के सिलसिले में केरल हाउस पहुंचे थे। वहां अधिकारियों ने उन्हें बताया कि कोई कमरा खाली नहीं है। इसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी लेने के लिए रेजिडेंट कमिश्नर से मुलाकात की।
रेजिडेंट कमिश्नर से बहस के बाद बुली गई पुलिस
केरल हाउस के एक अधिकारी के अनुसार, कन्हैया कुमार और रेजिडेंट कमिश्नर पुनीत कुमार के बीच बातचीत के दौरान विवाद हो गया। इसके बाद रेजिडेंट कमिश्नर ने दिल्ली पुलिस को फोन कर उन्हें परिसर से हटाने को कहा।
पुलिस मौके पर पहुंची और कन्हैया कुमार को हिरासत में लेकर दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के जाफरपुर कलां थाने ले गई। फिलहाल उन्हें वहीं रखा गया है। कन्हैया कुमार के कार्यालय ने बताया कि उन्हें कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
कन्हैया कुमार ने लगाए सरकार पर आरोप
हिरासत के दौरान मीडिया से बातचीत में कन्हैया कुमार ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली थी कि केरल के राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर केरल हाउस आने वाले हैं। उन्होंने कथित टिप्पणी को लेकर रेजिडेंट कमिश्नर पर निशाना साधा और कहा कि यह व्यवहार केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस के रवैये को दर्शाता है।
उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली पुलिस पर भी आरोप लगाए और कहा कि छात्रों और युवाओं की आवाज उठाने के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।
केरल हाउस के बाहर जारी है छात्रों का प्रदर्शन
बता दें कि केरल हाउस दिल्ली के जंतर-मंतर रोड पर स्थित है, जहां छात्र और युवा केंद्र सरकार के खिलाफ विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। कन्हैया कुमार लंबे समय से छात्रों से जुड़े मुद्दों, पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे मामलों पर आवाज उठाते रहे हैं।
कन्हैया कुमार इससे पहले जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ (JNUSU) के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। कांग्रेस में शामिल होने के बाद उन्हें पार्टी के छात्र संगठन NSUI की जिम्मेदारी दी गई है।
कांग्रेस ने मांगी कार्रवाई की जानकारी
कन्हैया कुमार के कार्यालय ने कहा है कि उन्हें अभी गिरफ्तारी के कारणों और धाराओं की पूरी जानकारी नहीं मिली है। पार्टी की ओर से उन्हें कानूनी मदद भेजी जा रही है। वहीं, केरल हाउस के रेजिडेंट कमिश्नर पुनीत कुमार ने इस मामले पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।