

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

kanker acb arrests state tax officer 150 lakh bribe case
रायपुर। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। कांकेर में पदस्थ राज्य कर विभाग की सहायक आयुक्त अंचला गिरी को 1 लाख 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में रिश्वत दिलाने वाले बिचौलिये इमरान मेमन को भी ACB की टीम ने गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, कांकेर निवासी शोएब रंगरेज ने ACB जगदलपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनका वाहन ई-वे बिल के मामले में रोका गया था। वाहन को रिलीज कराने और प्रकरण में राहत दिलाने के एवज में सहायक आयुक्त अंचला गिरी ने 1.50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।
शिकायतकर्ता रिश्वत देने के बजाय अधिकारी को रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था। ACB ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद 21 नवंबर को टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।
कार्रवाई के दौरान ACB की टीम ने अंचला गिरी को उनके निवास पर 1.50 लाख रुपये की रिश्वत राशि के साथ पकड़ लिया। बताया गया कि अधिकारी ने यह रकम बिचौलिये इमरान मेमन के माध्यम से प्राप्त की थी। इसके बाद इमरान मेमन को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
आय से अधिक संपत्ति की भी जांच शुरू
रिश्वत लेते गिरफ्तारी के बाद ACB ने अंचला गिरी के निवास पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के संदेह में तलाशी शुरू कर दी है। टीम संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
ACB के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई की जा रही है। वहीं, आय से अधिक संपत्ति के मामले में भी जांच जारी है। फिलहाल ACB पूरे मामले की विवेचना कर रही है।