

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

kanker narayanpur border naxal dump busted arms ied recovered
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। कांकेर-नारायणपुर सीमा पर चलाए गए सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों के एक डंप का भंडाफोड़ करते हुए भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई। मौके पर मिले विस्फोटकों को बम डिस्पोजल स्क्वाड (बीडीएस) ने सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया।
जानकारी के अनुसार, यह संयुक्त अभियान बीएसएफ, डीआरजी और बीडीएस की टीम द्वारा हेटारकसा, पल्लाहूर और जपमारका गांवों के बीच स्थित जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में चलाया गया। सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों को छिपाकर रखा गया नक्सलियों का डंप मिला।
डंप से एक .303 रायफल (मैगजीन सहित), एक बीजीएल लॉन्चर, .303 रायफल के 4 राउंड, AK-47 के 30 राउंड, एसएलआर के 4 राउंड और बीजीएल के 10 सेल बरामद किए गए। इसके अलावा करीब 3 किलोग्राम का टिफिन आईईडी और दो पाइप बम भी बरामद हुए।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बीडीएस टीम ने मौके पर ही टिफिन आईईडी, पाइप बम और बीजीएल सेल को निष्क्रिय कर सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया, जिससे किसी भी संभावित खतरे को टाल दिया गया।
सुरक्षा बलों का कहना है कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर नक्सल प्रभावित और संवेदनशील इलाकों में लगातार नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। क्षेत्र में सर्चिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।