

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

korba-daughter-kills-father-over-family-dispute-social-media-angle
कोरबा। हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम रलिया में पारिवारिक तनाव ने हिंसक रूप ले लिया। सोमवार देर रात एक युवती ने कथित रूप से अपने पिता पर हसिए से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी युवती गीता केंवट (25) को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक अशोक केंवट (55) ग्राम रलिया में अकेले रहते थे, जबकि उनकी पत्नी और तीन बेटियां कोरबा के पुरानी बस्ती क्षेत्र में निवास करती हैं। पुलिस के अनुसार अशोक का पत्नी और बेटियों से लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते परिवार उससे अलग रह रहा था।
आरोपी गीता केंवट सोशल मीडिया पर सक्रिय थी और यूट्यूब पर सामाजिक विषयों पर वीडियो बनाती थी। बताया जा रहा है कि अशोक को उसकी ऑनलाइन गतिविधियां पसंद नहीं थीं और वह अक्सर उसके चरित्र को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करता था।
पुलिस के मुताबिक, गीता जाति प्रमाण पत्र बनवाने के सिलसिले में अपने गृह ग्राम रलिया आई थी और अपने बड़े पिता के घर रुकी हुई थी। इसी दौरान पिता से हुई कहासुनी में वह मानसिक रूप से आहत हो गई।
रात करीब 2:30 बजे गीता अपने बड़े पिता के घर से निकलकर अशोक के घर पहुंची। उस समय अशोक सो रहा था। आरोप है कि गीता ने हसिए से उसके जबड़े और शरीर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। साक्ष्यों के आधार पर गीता केंवट को गिरफ्तार कर लिया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि पिता द्वारा लगातार अपशब्द कहे जाने और जीवनशैली को लेकर की जा रही टिप्पणियों से क्षुब्ध होकर युवती ने यह कदम उठाया।
पुलिस एक सोशल मीडिया रील्स से जुड़े विवाद की भी जांच कर रही है, जिसमें एक युवक ने गीता पर चरित्र हनन का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है।फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।