

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

korba lightning strike 3 laborers dead salora village
छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में बरसात के सीजन के दौरान आकाशीय बिजली (गाज) गिरने की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. ताजा मामला कोरबा जिले का है, जहां शनिवार को कटघोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत छुरी के पास स्थित सलोरा गांव में एक बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया.
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय गांव के एक खेत में 20 से अधिक ग्रामीण मजदूर धान रोपाई के कार्य में पूरी तल्लीनता से जुटे हुए थे. इसी दौरान मौसम खराब हुआ और अचानक तेज चमक-गरज के साथ बारिश के बीच खेत पर आकाशीय बिजली आ गिरी.
तीन मजदूर आए चपेट में
इस भयंकर गाज की चपेट में आकर तीन मजदूर—बहोरन पाटले, लक्ष्मी चंद पाटले और श्याम साहू गंभीर रूप से झुलस गए. घटना के तुरंत बाद अन्य साथियों और ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल कटघोरा अस्पताल पहुंचाया गया. हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया. इस अप्रत्याशित घटना से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्रत्यक्षदर्शी ने सुनाई आंखों देखी
घटना की सूचना तुरंत कटघोरा पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर मामले में मर्ग कायम कर लिया है और आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है.
इस दुर्घटना के संबंध में मृत ग्रामीण मजदूरों के साथ खेत में काम कर रहे सोमलाल साहू ने बताया कि दिन में हल्की बारिश के बीच खेत में धान रोपाई का काम चल रहा था. तभी एकाएक शाम के वक्त तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिर पड़ी. स्थिति इतनी अचानक बनी कि किसी को भी संभलने का मौका तक नहीं मिला. खेत और उसके आसपास मौजूद सभी लोगों की आंखें इस तेज रोशनी से चौंधिया गईं और कई लोग डरकर इधर-उधर जमीन पर गिर पड़े.
प्रशासन ने इस प्रकार के मौसम में खुले खेतों और पेड़ों के नीचे न जाने की अपील की है ताकि इस तरह की अनहोनी से बचा जा सके।