

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

korba vip rest house electricity officers alcohol party scandal
कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी के कोरबा पूर्व स्थित वीआईपी रेस्ट हाउस में अधिकारियों की कथित शराब पार्टी का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। यह घटना उस समय उजागर हुई जब विधायक धर्मलाल कौशिक से मिलने उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन वहां पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को अंबेडकर जयंती के अवसर पर आयोजित भाजपा संगोष्ठी में शामिल होने के लिए विधायक धर्मलाल कौशिक बिल्हा से कोरबा पहुंचे थे और वीआईपी गेस्ट हाउस में ठहरे हुए थे। शाम के समय उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत और जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी उनसे मिलने पहुंचे। इसी दौरान कार्यकर्ताओं की नजर गेस्ट हाउस के एक कमरे पर पड़ी, जहां कुछ अधिकारी शराब पार्टी करते पाए गए।
बताया जा रहा है कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह (डीएसपीएम) के चीफ केमिस्ट गोवर्धन सिदार सहित पांच अधिकारी कमरे में शराब का सेवन कर रहे थे। आरोप है कि वहां सिगरेट के धुएं के बीच नियमों की अनदेखी की जा रही थी। कुछ कार्यकर्ताओं ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
और भी गंभीर बात यह सामने आई कि रेस्ट हाउस के किचन क्षेत्र में स्थित फ्रीजर से शराब की बोतलें भी बरामद हुईं, जिससे परिसर में नियमों के खुले उल्लंघन पर सवाल खड़े हो गए हैं।
मामले की जानकारी मिलते ही उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी के प्रबंध निदेशक एसके कटियार को फोन कर संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
सरकारी रेस्ट हाउस में इस तरह की गतिविधियों को सेवा आचरण नियमों का गंभीर उल्लंघन माना जा रहा है। अब प्रशासन द्वारा दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।