

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

korba youth drowns in ahiran river while making reel
रायपुर: सोशल मीडिया पर 'लाइक्स' और 'व्यूज' की होड़ युवाओं के लिए कितनी जानलेवा साबित हो सकती है, इसका एक भयावह उदाहरण कोरबा के कुसमुंडा क्षेत्र में देखने को मिला है। यहां अहिरन नदी में रील बनाने के लिए छलांग लगाने वाले 25 वर्षीय युवक निखिल सिंह की डूबने से मौत हो गई। घटना के 48 घंटे बाद गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम ने उसका शव बरामद किया है।
क्या है पूरा मामला?
घटना 12 मई की है, जब कोरबा निवासी निखिल सिंह अपने चार दोस्तों के साथ अहिरन नदी पहुंचा था। पुलिस के अनुसार, निखिल ने नदी में रील बनाने के उद्देश्य से छलांग लगाई। सामने आए करीब 4 मिनट के वीडियो में दिख रहा है कि शुरुआत में सब कुछ सामान्य था। निखिल पानी में तैर रहा था और उसके दोस्त मोबाइल से वीडियो शूट कर रहे थे।
वीडियो के कुछ मिनट बीतने के बाद निखिल पानी में खुद को संभालने की कोशिश करता नजर आया और अचानक गहरे पानी में समा गया। हैरानी की बात यह है कि कुछ देर तक उसके दोस्तों को लगा कि वह वीडियो के लिए तैरने की 'एक्टिंग' कर रहा है। जब तक उन्हें खतरे का एहसास हुआ, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
जांच में एक तकनीकी पहलू भी सामने आया है। दरअसल, एसईसीएल (SECL) को इसी नदी से जलापूर्ति की जाती है, जिसके लिए वहां भारी-भरकम पंप लगे हुए हैं। पुलिस को आशंका है कि तैरने के दौरान निखिल पंप के शक्तिशाली खिंचाव (सक्शन) की चपेट में आ गया होगा, जिससे वह खुद को बचा नहीं पाया।
पुलिस जांच में पता चला है कि निखिल के डूबने के बाद उसके दोस्त बुरी तरह घबरा गए थे और मौके से भाग निकले थे। बाद में जब पुलिस ने उनसे कड़ाई से पूछताछ की, तब उन्होंने मोबाइल में शूट किया गया वह खौफनाक वीडियो दिखाया, जिससे पूरी घटना स्पष्ट हुई।
मृतक निखिल के पिता साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के कर्मचारी हैं। इस हादसे ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। 13 मई की रात करीब 12 बजे घटनास्थल से कुछ दूरी पर निखिल का शव मिला।