

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

koriya chhattisgarh pickup auto collision 3 women killed 12 injured
छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 12 महिलाएं घायल हो गईं। हादसा पटना थाना क्षेत्र के सावारांवा के पास रात करीब 8 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि महिलाओं से भरे ऑटो को तेज रफ्तार पिकअप ने सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो में सवार कुछ महिलाएं उछलकर सड़क पर जा गिरीं।
दशगात्र कार्यक्रम से लौट रही थीं महिलाएं
जानकारी के अनुसार, छिंदिया गांव की करीब 15 महिलाएं दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने बिलारो गांव गई थीं। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सभी महिलाएं शुक्रवार देर शाम ऑटो से अपने गांव वापस लौट रही थीं।
रात करीब 8 बजे उनका ऑटो सावारांवा के पास पहुंचा। इसी दौरान बैकुंठपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद सड़क पर मची चीख-पुकार
हादसा इतना भीषण था कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के कारण ऑटो में सवार कुछ महिलाएं उछलकर सड़क पर जा गिरीं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को किसी तरह पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने घायलों का उपचार शुरू किया।
तीन महिलाओं ने मौके पर तोड़ा दम
हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान:
फुलकुंवर, पति महेंद्र सिंह, उम्र करीब 50 वर्ष
रामबाई, पति रामकुमार, उम्र करीब 60 वर्ष
फुलकुंवर, पति जगजीवन, उम्र करीब 60 वर्ष
के रूप में हुई है।
वहीं, हादसे में घायल 12 अन्य महिलाओं को पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार दिया गया। इनमें गंभीर रूप से घायल महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बैकुंठपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
टक्कर के बाद पिकअप चालक फरार
हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पटना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पटना थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि हादसे के बाद पिकअप चालक फरार हो गया है। पुलिस फरार वाहन और चालक की तलाश कर रही है। हादसे की वास्तविक वजह और पिकअप की पहचान के लिए मार्ग में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जाएंगे।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार पिकअप चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।