

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में जांच एजेंसियों को एक और बड़ी सफलता मिली है। करोड़ों रुपये के कथित अवैध सट्टा सिंडिकेट के को-प्रमोटर और आरोपी रवि उप्पल को दुबई में गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है। भारतीय जांच एजेंसियों को सूत्रों के जरिए गिरफ्तारी की सूचना मिली है। हालांकि, UAE की ओर से अभी तक भारत सरकार को इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। भारत सरकार अब रवि उप्पल को प्रत्यर्पित कर भारत लाने की कोशिशों में जुट गई है।
सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाए जाने के कुछ दिन बाद हुई इस कार्रवाई को महादेव बेटिंग ऐप मामले में दूसरी बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। इससे पहले CBI और प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के बाद महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाया गया था।
दुबई से चलाता था सट्टे का कारोबार
आरोप है कि छत्तीसगढ़ के भिलाई का रहने वाला रवि उप्पल दुबई में रहकर महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप का अवैध कारोबार संचालित करता था। अक्टूबर 2023 में इंटरपोल ने उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी किया था। इसके बाद दिसंबर 2023 में दुबई के अधिकारियों ने उसे हिरासत में लिया था, लेकिन करीब 45 दिन बाद उसे रिहा कर दिया गया। ED ने जनवरी 2024 में ही UAE से उसके प्रत्यर्पण की मांग की थी।
करोड़ों के हवाला नेटवर्क की अहम कड़ी
जांच एजेंसियों के मुताबिक रवि उप्पल और सौरभ चंद्राकर महादेव सट्टा सिंडिकेट के अहम चेहरे रहे हैं। दोनों पर करोड़ों रुपये के अवैध लेनदेन और हवाला नेटवर्क से जुड़े होने के आरोप हैं। ED के अनुसार, दोनों के पास वानुअतु के पासपोर्ट भी हैं, जिन्हें भारत से बाहर जाने के बाद हासिल किया गया था। जांच एजेंसियों के लिए रवि उप्पल की गिरफ्तारी इसलिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि वह कथित तौर पर सट्टा सिंडिकेट के हवाला लेनदेन को संभालता था।
जनवरी 2026 में 21 करोड़ की संपत्ति कुर्क
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में ED ने जनवरी 2026 में फरार रवि उप्पल समेत अन्य आरोपियों की करीब 21 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की थीं। जांच एजेंसियां इस मामले में अवैध कमाई, हवाला नेटवर्क और विदेशों में छिपाई गई संपत्तियों की पड़ताल कर रही हैं।
सौरभ चंद्राकर के भारत आने के बाद अब रवि उप्पल की गिरफ्तारी से महादेव ऐप मामले की जांच को लेकर नई उम्मीदें बढ़ी हैं। भारत सरकार उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने में जुटी है। यदि उसे भारत लाया जाता है तो जांच एजेंसियां उससे सट्टा नेटवर्क, हवाला लेनदेन और विदेशों में फैले कथित कारोबार को लेकर पूछताछ कर सकती हैं।