

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

mahadev betting case saurabh chandrakar 200 crore investment ed arrest
रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में जांच एजेंसियों को लगातार नए सुराग मिल रहे हैं। अब इस मामले में सौरभ चंद्राकर से जुड़े होटल, क्लब और रेस्टोरेंट कारोबार में करीब 200 करोड़ रुपये के निवेश की जानकारी सामने आई है। जांच का दायरा राजधानी रायपुर से लेकर बिलासपुर तक पहुंच गया है। वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मामले में वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित पाठक को गिरफ्तार किया है। उस पर सौरभ चंद्राकर से करीब 15 करोड़ रुपये लेने का आरोप है।
रायपुर के VIP रोड के 7 प्रतिष्ठान जांच के दायरे में
जांच एजेंसियों को सौरभ चंद्राकर से जुड़े होटल, क्लब और रेस्टोरेंट कारोबार में करीब 200 करोड़ रुपये के निवेश के सुराग मिले हैं। राजधानी रायपुर के VIP रोड स्थित सात बड़े प्रतिष्ठान जांच के दायरे में हैं। इसके अलावा पंडरी स्थित एक क्लब के बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की भी जांच की जा रही है।
वहीं, बिलासपुर के होटल और क्लब कारोबार में करीब 10 करोड़ रुपये के निवेश की जानकारी सामने आई है। एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि कारोबार में लगाया गया पैसा कहां से आया, किन लोगों की साझेदारी है और निवेश के पीछे किन लोगों की भूमिका रही है। इस मामले में होटल, क्लब और रेस्टोरेंट संचालकों से पूछताछ भी हो सकती है।
92 हजार करोड़ रुपये से अधिक की कमाई का अनुमान
ED के मुताबिक, महादेव ऑनलाइन बुक के जरिए अपराध से हुई कमाई का अनुमान 92 हजार करोड़ रुपये से अधिक है। जांच एजेंसी अब इस रकम के निवेश और उससे बनाई गई संपत्तियों की कड़ियां जोड़ रही है। दूसरी ओर, सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के लिए छत्तीसगढ़ की राज्य जांच एजेंसी भी उसकी रिमांड लेने की तैयारी कर सकती है।
15 करोड़ रुपये लेने के आरोप में वकील गिरफ्तार
महादेव सट्टा मामले में ED ने मंगलवार, 24 नवंबर को वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित पाठक को गिरफ्तार किया। जांच एजेंसी के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान हिमांशु शेखर का नाम सामने आया था।
आरोप है कि सौरभ चंद्राकर ने अपने खिलाफ चल रहे मामले को रफा-दफा कराने के लिए हिमांशु शेखर को करीब 15 करोड़ रुपये दिए थे। ED का दावा है कि पिछले तीन वर्षों में हिमांशु की दुबई में सौरभ चंद्राकर से कई बार मुलाकात हुई थी। एजेंसी इन मुलाकातों और कथित वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है।
दुबई जाने से पहले मुंबई एयरपोर्ट पर पकड़ा गया
ED ने हिमांशु शेखर के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था। इसी के आधार पर उसे दुबई रवाना होने से पहले मुंबई एयरपोर्ट पर पकड़ा गया। इसके बाद एजेंसी ने उसे गिरफ्तार कर रायपुर लाया और PMLA की विशेष अदालत में पेश किया।
ED ने आरोपी की सात दिन की कस्टोडियल रिमांड मांगी है। देर रात तक चली सुनवाई के बाद अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनकर फैसला सुरक्षित रख लिया।
अब जांच एजेंसियों की नजर दो अहम पहलुओं पर है। पहला, सट्टे की कथित कमाई से होटल और क्लब कारोबार में हुए निवेश का नेटवर्क और दूसरा, मामले को प्रभावित करने के लिए कथित तौर पर किए गए 15 करोड़ रुपये के लेनदेन की पूरी कड़ी।