

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए एक बेहद गौरवशाली और ऐतिहासिक खबर सामने आई है। राजनांदगांव के कौरिनभाटा क्षेत्र की रहने वाली उभरती युवा ऑलराउंडर महक नरवासे का चयन भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में हुआ है। इस चयन की सबसे खास और बड़ी बात यह है कि महक को आगामी श्रीलंका सीरीज के लिए भारतीय टीम का उपकप्तान (Vice-Captain) बनाया गया है। वे 22 जून से शुरू होने वाली अंडर-19 टी-20 सीरीज में यह बड़ी जिम्मेदारी संभालेंगी।
महक की यह सफलता आसान नहीं रही है। राजनांदगांव शहर के क्रिकेट मैदानों में महिला क्रिकेटरों की संख्या कम होने के कारण महक ने अपने शुरुआती क्रिकेट करियर में लड़कों के साथ नेट अभ्यास किया। स्थानीय स्पर्धाओं में लड़कों के बीच रहकर खेलने से उन्हें तेज प्रतिस्पर्धा मिली, जिससे उनकी तकनीक, फिटनेस और आत्मविश्वास बेहद मजबूत हुआ। मैदान पर उनकी इसी फुर्ती ने जल्द ही कोचों और चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
क्रिकेट विशेषज्ञों के अनुसार, दाएं हाथ की ऑफ-स्पिन गेंदबाज महक की गेंदबाजी में भारतीय स्टार स्पिनर आर. अश्विन जैसी विविधता और प्रयोगधर्मिता देखने को मिलती है। वे परिस्थितियों के अनुसार रणनीति बदलने में माहिर हैं। गेंदबाजी के साथ-साथ वे जरूरत पड़ने पर दबाव के क्षणों में टीम को संभालने वाली उपयोगी पारियां भी खेलती हैं। शानदार फील्डिंग, ऑलराउंड प्रदर्शन और नेतृत्व क्षमता (Leadership Quality) के कारण ही उन्हें उपकप्तानी जैसी इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। महक पूर्व में छत्तीसगढ़ की अंडर-19 व अंडर-23 टीम की कप्तानी भी संभाल चुकी हैं।
महक नरवासे ने पिछले कुछ वर्षों में अपने शानदार और निरंतर प्रदर्शन के दम पर छत्तीसगढ़ क्रिकेट में अपनी एक खास पहचान बनाई है। वे राज्य की अंडर-15 (U-15), अंडर-19 (U-19), अंडर-23 (U-23) और सीनियर महिला क्रिकेट टीमों का अहम हिस्सा रह चुकी हैं।
वर्तमान में अपनी प्रतिभा को और निखारने के लिए महक बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA) में कड़ा प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
महक का हालिया प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली और काबिलेतारीफ रहा है, जिसने चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा। महिला सीनियर वनडे ट्रॉफी 2025-26 प्रतियोगिता में महक ने बल्ले और गेंद दोनों से कमाल दिखाते हुए 212 रन बनाए और साथ ही 20 विकेट भी अपने नाम किए। सीनियर टी-20 प्रतियोगिता के टी-20 फॉर्मेट में भी अपनी फिरकी का जादू चलाते हुए उन्होंने 10 विकेट हासिल किए।
दाएं हाथ से आक्रामक बल्लेबाजी और बेहतरीन ऑफ-स्पिन गेंदबाजी करने वाली महक नरवासे को वर्तमान में छत्तीसगढ़ महिला क्रिकेट की सबसे संभावनाशील और प्रतिभावान खिलाड़ियों में से एक माना जाता है। उनकी इस उपलब्धि से राजनांदगांव सहित पूरे प्रदेश के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।