

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

mahakaleshwar-bhasm-aarti-new-rules-offline-booking-closed-fees
उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग बाबा महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती के दर्शन की व्यवस्था को लेकर मंदिर प्रबंधन ने एक बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया है। अब मंदिर काउंटर से मिलने वाली नि:शुल्क (Free) ऑफलाइन अनुमति को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। नई व्यवस्था के तहत अब श्रद्धालुओं को आरती में शामिल होने के लिए अनिवार्य शुल्क देना होगा और बुकिंग प्रक्रिया को भी पूरी तरह डिजिटल कर दिया गया है।
अब तक मंदिर काउंटर से एक दिन पहले जो मुफ्त अनुमति मिलती थी, वह सेवा अब उपलब्ध नहीं होगी। अब 'तत्काल कोटा' (Instant Booking) के तहत प्रतिदिन 300 श्रद्धालुओं को अनुमति मिलेगी, जिसके लिए प्रति व्यक्ति 200 रुपये की फीस निर्धारित की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ प्रबंधन के लिए एडवांस बुकिंग की समय सीमा 3 महीने से घटाकर अब केवल 1 महीना कर दी गई है।
मंदिर प्रबंधन के अनुसार, बुकिंग के लिए ऑनलाइन खिड़की प्रतिदिन सुबह 08:00 बजे खुलेगी।
तत्काल बुकिंग: दर्शन से एक दिन पहले सुबह 08:00 बजे।
एडवांस बुकिंग: 1 महीने पहले के लिए प्रतिदिन सुबह 08:00 बजे।
नियमों का बदलाव केवल भस्म आरती तक सीमित नहीं है। अब संध्या और शयन आरती में बैठकर दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को भी 250 रुपये प्रति व्यक्ति का ऑनलाइन बुकिंग चार्ज देना होगा।
कैसे करें बुकिंग?
श्रद्धालु इन सभी सेवाओं के लिए मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट shrimahakaleshwar.mp.gov.in पर जाकर अपना स्लॉट बुक कर सकते हैं। मंदिर प्रशासन का कहना है कि इस नई व्यवस्था से बिचौलियों पर लगाम लगेगी और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को पारदर्शी तरीके से अनुमति मिल सकेगी।