

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

mahasamund flood rescue 14 workers saved jogi deepa khallari chhattisgarh
महासमुंद। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच रविवार सुबह खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम जोगी डीपा में एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिया निर्माण कार्य में लगे 14 मजदूर अचानक आई बाढ़ के कारण चारों ओर से पानी से घिर गए। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम जोगी डीपा में पुलिया निर्माण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान लगातार बारिश के कारण जलस्तर तेजी से बढ़ गया और निर्माण स्थल अचानक बाढ़ के पानी से घिर गया। देखते ही देखते वहां काम कर रहे 14 मजदूर बीच पानी में फंस गए। घटना की सूचना रविवार सुबह जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष को मिली, जिसके बाद प्रशासन ने बिना देरी किए नगर सेना की रेस्क्यू टीम को मौके पर रवाना किया।
रेस्क्यू टीम अत्याधुनिक बचाव उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद जवानों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए सफल रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम ने बाढ़ में फंसे 10 पुरुष और 4 महिला मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के बाद सभी मजदूरों ने राहत की सांस ली और प्रशासन तथा नगर सेना की टीम का आभार जताया। अधिकारियों के मुताबिक सभी मजदूर पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हैं। समय रहते रेस्क्यू होने से एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रशासन ने जारी की अपील
घटना के बाद जिला प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण कक्ष ने लोगों से मानसून के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि नदी-नालों, उफनते जलस्रोतों और निर्माणाधीन पुल-पुलियों के आसपास जाने से बचें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष या प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय पर राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
लगातार हो रही बारिश के चलते जिले के कई नदी-नाले उफान पर हैं। ऐसे में प्रशासन ने नागरिकों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक जोखिम न उठाने की भी अपील की है।