

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी मात्रा में चांदी और नकदी बरामद की है। पलसापाली नाका पर जांच के दौरान एक कार से 52 किलो 528 ग्राम चांदी के आभूषण, बर्तन, मूर्तियां और चांदी जैसी 6 सिल्लियां मिली हैं। इसके अलावा 3 लाख 39 हजार 800 रुपये नगद भी बरामद किए गए हैं। चांदी की अनुमानित कीमत 90 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 26 नवंबर को बसना थाना पुलिस की टीम पलसापाली अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की मारुति सुजुकी विक्टोरियस कार (CG 23Q 9222) को रोककर तलाशी ली गई। कार में उमेश कंसारी (45), निवासी गोबरानवापारा, रायपुर और रोशन कुमार साहू (40), निवासी बेलटूकरी, गरियाबंद सवार थे।
तलाशी के दौरान कार की डिक्की और सीट पर रखे छह काले बैग मिले। इनमें प्लास्टिक के डिब्बों में चांदी के आभूषण, पायल, बिछिया, अंगूठियां, चेन, कड़े, ब्रेसलेट, करधन, बर्तन, मूर्तियां और छह सिल्लियां रखी हुई थीं। पुलिस ने इनके साथ 3.39 लाख रुपये नकद भी बरामद किए।
दस्तावेज नहीं दिखा सके कार सवार
पुलिस ने दोनों व्यक्तियों से चांदी और नकदी के स्वामित्व, खरीदी-बिक्री के GST बिल, ई-वे बिल और परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे। हालांकि, दोनों कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ और नोटिस के दौरान भी उन्होंने लिखित में बताया कि उनके पास संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं।
इसके बाद पुलिस ने BNSS की धारा 106 के तहत चांदी, नकदी और परिवहन में इस्तेमाल की गई कार को जब्त कर लिया। साथ ही BNSS की धारा 94 के तहत नोटिस तामील कराया गया।
जब्त संपत्ति में 52 किलो 528 ग्राम चांदी के आभूषण, बर्तन, मूर्तियां और छह सिल्लियां शामिल हैं। इनकी अनुमानित कीमत 90 लाख रुपये है। इसके अलावा 3 लाख 39 हजार 800 रुपये नकद और करीब 10 लाख रुपये कीमत की कार भी जब्त की गई है।
इस तरह पुलिस ने कुल 1 करोड़ 3 लाख 39 हजार 800 रुपये की संपत्ति जब्त की है। मामले की सूचना छत्तीसगढ़ के GST आयुक्त को भेज दी गई है। पुलिस अब मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।