

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

mahila congress all executives dissolved new team formation chhattisgarh
रायपुर। छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया गया है। प्रदेश, जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर तक की सभी कार्यकारिणियों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। यह फैसला अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अल्का लांबा के निर्देश पर लिया गया है। अब प्रदेशभर में महिला कांग्रेस का पूर्ण पुनर्गठन किया जाएगा और नई टीम के गठन की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।
हाल ही में विधायक संगीता सिन्हा को प्रदेश महिला कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। इसके बाद यह माना जा रहा था कि बदलाव केवल नेतृत्व स्तर तक सीमित रहेगा, लेकिन अब पूरे संगठन की संरचना बदलने के संकेत मिल रहे हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार यह कदम महिला कांग्रेस को जमीनी स्तर पर अधिक सक्रिय, मजबूत और चुनावी दृष्टि से प्रभावी बनाने की रणनीति का हिस्सा है।
जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि नई प्रदेश, जिला, ब्लॉक और बूथ कार्यकारिणी का गठन अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की सहमति और चर्चा के बाद किया जाएगा। यानी नियुक्तियों में केंद्रीय नेतृत्व की सीधी भूमिका रहेगी। नए गठन में सक्रियता, संगठन के प्रति समर्पण, सदस्यता अभियान में भूमिका, जनसंपर्क और सामाजिक मुद्दों पर भागीदारी को प्राथमिकता दी जाएगी।
बताया जा रहा है कि लंबे समय से निष्क्रिय पदाधिकारियों की छुट्टी हो सकती है, जबकि मैदान में सक्रिय महिलाओं को संगठन में बड़ी जिम्मेदारी मिलने के आसार हैं। कांग्रेस 2028 विधानसभा चुनाव की तैयारी को देखते हुए संगठन को नए सिरे से मजबूत करने में जुटी हुई है।
महिला कांग्रेस को महंगाई, महिला सुरक्षा, गैस सिलेंडर की कीमतों, सामाजिक योजनाओं और जमीनी आंदोलनों में अधिक आक्रामक भूमिका देने की तैयारी भी इस बदलाव के पीछे मानी जा रही है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि कांग्रेस अब बूथ स्तर तक महिला नेटवर्क को मजबूत करने पर फोकस कर रही है, ताकि आगामी चुनावों में इसका सीधा लाभ मिल सके।