

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

mainpat jaundice outbreak surguja chhattisgarh health department investigation
सरगुजा जिले के मैनपाट में पीलिया के प्रकोप से 5 लोगों की मौत की खबर के बाद हड़कंप मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि इस मैनपाट के अलग-अलग क्षेत्र के कई अन्य लोग पीलिया से पीड़ित भी है, जिनका उपचार अस्पताल में भर्ती कर किया जा रहा है। मामले की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम शुक्रवार को गांवों में पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। वहीं सरगुजा सीएमएचओं ने पीलिया से सिर्फ 2 मौतें होने की पुष्टि की है, जबकि एक अन्य की मौत का कारण क्रोनिक डिजीज बताया गया।
जानकारी के मुताबिक मैनपाट के नर्मदापुर, कुनिया और बरिमा इलाके में पिछले करीब एक महीने के भीतर कई लोग पीलिया से पीड़ित हो रहे हैं। पीलिया सें प्रभावित लोगों का कहना है कि पिछले एक महीने के भीतर पीलिया से पीड़ित पांच लोगों की मौत हो चुकी है। पीलिया से जिन लोगों की मौत होने की बात कही जा रही है, उनमें कुनिया के पूर्व उप सरपंच जितेंद्र यादव, नर्मदापुर की भाग्यवती यादव, बरिमा के कक्षा 9वीं केे छात्र विकास यादव और बइगहवा गांव की एक युवती शामिल हैं। इसके अलावा कई अन्य मरीजों का इलाज अंबिकापुर और रायपुर के अस्पतालों में चल रहा है।
वहीं इस मामले की जानकारी सामने आने के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया है। सरगुजा सीएमएचओ पीएस मार्को ने बताया कि मैनपाट के कुछ गांवों में पीलिया से मौत होने की जानकारी मिली है। जानकारी के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम को गांव में भेजा गया। प्रभावित नर्मदापुर, कुनिया और बरिमा में पीलिया से कुछ लोगों के पीड़ित होने और मौत की जानकारी मिली है। सीएमएचओ ने बताया कि कुनिया निवासी जितेंद्र यादव 30 वर्ष और एक नर्मदापुर निवासी भाग्यवती यादव 50 वर्ष की पीलिया से मौत होने की जानकारी मिली है।
कुनिया के जितेंद्र यादव को क्रोनिक लीवर डिजीज था, इस कारण उसकी मौत हुई है। वहीं अन्य लोगों की मौत की जानकारी नहीं है, स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। सीएमएचओ ने बताया कि जिनके परिवार में मौतें होना बताया गया है, उनमें कोई भी पीलिया का मरीज नहीं मिला है। वहीं ये सारी मौत 10 से 12 दिन पूर्व हुई हैं। सीएमएचओं ने दावा किया कि अलग-अलग गांवों में कुछ मरीज सामने आए हैं, उन्होने प्रकोप फैलने जैसी स्थिति से इंकार किया है। वहीं बीमारी की सही वजह पता लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम कुनिया में चार स्थानों के पानी का सैंपल लिया है। इसी तरह अन्य प्रभावित स्थानों से भी पानी का सैंपल कलेक्ट करने की बात कही जा रही है।