

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

neet ug 2026 re exam chhattisgarh 127 centers air force paper delivery
रायपुर। छत्तीसगढ़ में 21 जून को आयोजित होने वाली NEET (UG) 2026 पुनर्परीक्षा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। प्रदेश के 19 शहरों में 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा आयोजित की जाएगी।
मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में सभी जिलों के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। बैठक में परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ के 19 शहरों में कुल 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन को परीक्षा से पहले केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की व्यक्तिगत समीक्षा करने को कहा गया है।
21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भी मनाया जाएगा। इसे देखते हुए मुख्य सचिव ने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि योग दिवस से जुड़े कार्यक्रमों का परीक्षा संचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ना चाहिए। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले मार्गों को बाधारहित रखने और ट्रैफिक प्रबंधन के लिए विशेष योजना तैयार करने को कहा गया है।
विद्यार्थियों के तनाव को कम करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारियों और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों की संयुक्त टीमों द्वारा काउंसलिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का प्रयास है कि परीक्षार्थियों को सकारात्मक और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे बिना किसी दबाव के परीक्षा दे सकें।
तैयारियों की अंतिम समीक्षा के लिए 20 जून को राज्यभर में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। वहीं प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट एयरफोर्स के माध्यम से जिलों तक पहुंचाई जाएंगी। प्रत्येक जिले में कंट्रोल रूम स्थापित कर परीक्षा दिवस पर निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति का तत्काल समाधान किया जा सके।