

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

monsoon 2026 delay chhattisgarh rainfall forecast imd weather update
रायपुर। दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने से देशभर में बारिश के इंतजार की अवधि बढ़ सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मानसून की प्रगति को लेकर अपना पूर्वानुमान संशोधित करते हुए बताया है कि मानसून अब केरल तट पर 3 से 4 जून के बीच पहुंच सकता है। इससे पहले इसके 27 मई तक केरल पहुंचने की संभावना जताई गई थी।
मानसून की धीमी प्रगति का असर छत्तीसगढ़ पर भी पड़ने की आशंका है। सामान्य परिस्थितियों में मानसून 16 जून तक राज्य में प्रवेश कर जाता है, लेकिन इस बार इसके 18 से 19 जून तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। इससे किसानों और कृषि गतिविधियों पर प्रभाव पड़ सकता है।
आईएमडी द्वारा जारी संशोधित दीर्घकालिक पूर्वानुमान के अनुसार जून से सितंबर के बीच देश में कुल मानसूनी वर्षा दीर्घावधि औसत (LPA) के लगभग 90 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जो सामान्य से कम माना जाता है।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पूर्व भारत में सामान्य बारिश होने की संभावना है, जबकि मध्य भारत, दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत और उत्तर-पश्चिम भारत में सामान्य से कम वर्षा दर्ज की जा सकती है। मानसून कोर जोन (MCZ) में भी वर्षा की कमी की आशंका व्यक्त की गई है, जिससे खरीफ फसलों की बुवाई और कृषि उत्पादन प्रभावित हो सकता है।
विभाग ने यह भी बताया कि जून महीने में देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में सामान्य अथवा सामान्य से अधिक वर्षा भी दर्ज की जा सकती है।
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून की स्थिति पर आगामी दिनों में लगातार नजर रखी जाएगी, क्योंकि इसकी प्रगति देश की कृषि, जल संसाधनों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।