

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

morena train accident fire rumour passengers killed by patalkot express
मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में रविवार शाम एक दर्दनाक रेल हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैलने के बाद घबराए कुछ यात्री ट्रेन से उतरकर रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए। इसी दौरान दूसरी पटरी पर तेज रफ्तार से आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, हादसा हेतमपुर स्टेशन के पास हुआ। ट्रेन में अचानक किसी ने चिल्ला दिया कि डिब्बे में आग लग गई है। इससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग अपनी जान बचाने के लिए बिना कुछ सोचे-समझे ट्रेन से नीचे उतर गए। इसी बीच कुछ यात्री पास की रेलवे लाइन पर पहुंच गए, जहां से पातालकोट एक्सप्रेस गुजर रही थी।
उत्तर मध्य रेलवे के अनुसार, खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में किसी यात्री ने अलार्म चेन पुलिंग की थी, जिसके कारण ट्रेन रुकी। ट्रेन रुकने के बाद कुछ यात्री नीचे उतरकर समीपवर्ती ट्रैक पर चले गए और पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आ गए।
हादसे में मृतकों की पहचान आफरीन (35 वर्ष), अशद (4 वर्ष), सकुंतला (60 वर्ष) और वीरमा देवी (58 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे की चपेट में एक ही परिवार के कई सदस्य भी आ गए।
ट्रेन में सफर कर रही एक महिला यात्री ने बताया, “अचानक किसी ने चेन खींच दी और चिल्लाने लगा कि आग लग गई है। इसके बाद लोग घबराकर ट्रेन से उतरने लगे। जब कुछ यात्री दूसरी तरफ पटरी पार कर रहे थे, तभी पातालकोट एक्सप्रेस आ गई और कई लोग उसकी चपेट में आ गए।”
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल (RPF), सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। रेलवे ने हादसे की जांच के लिए जेएजी स्तर के अधिकारियों की एक जांच समिति गठित की है, जो यह पता लगाएगी कि आग लगने की अफवाह कैसे फैली और हादसे की परिस्थितियां क्या थीं।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में बिना अनुमति ट्रेन से नीचे न उतरें और रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करें।