

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

mumbai-airport-air-india-indigo-wingtip-collision
मुंबई: छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार को एअर इंडिया और इंडिगो के दो विमानों के पंख आपस में टकरा गए, जिससे हड़कंप मच गया। यह घटना ग्राउंड मूवमेंट के दौरान हुई। जानकारी के अनुसार, एअर इंडिया का विमान पुशबैक प्रक्रिया में था, जबकि इंडिगो का विमान लैंडिंग के बाद टैक्सी कर रहा था। इसी दौरान दोनों विमानों के विंगटिप आपस में टकरा गए।
हादसे के समय दोनों विमानों में यात्री मौजूद थे, लेकिन राहत की बात यह है कि किसी के घायल होने की खबर नहीं है। घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट और एयरलाइन की टीम ने दोनों विमानों को रोका और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की।
एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइंस की तकनीकी टीम ने जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह देखा जा रहा है कि क्या एटीसी निर्देशों में चूक, ग्राउंड हैंडलिंग की गलती या तकनीकी कारण इस टक्कर के पीछे थे।
एअर इंडिया ने बताया कि मुंबई से कोयंबटूर जाने वाली फ्लाइट AI2732 टेक-ऑफ से पहले टैक्सीवे पर इंतजार के दौरान टकराई, जबकि इंडिगो ने पुष्टि की कि हैदराबाद से मुंबई आने वाली फ्लाइट 6E 791 लैंडिंग के बाद टैक्सी करते समय टकराई। दोनों एयरलाइंस ने यात्रियों की सुरक्षा की पुष्टि की और विमानों की मेंटेनेंस जांच शुरू कर दी है।