

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

muzaffarpur hospital fire 3 patients dead icu blaze bihar
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में गुरुवार तड़के एक निजी अस्पताल में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। ब्रह्मपुरा स्थित प्रसाद हॉस्पिटल के आईसीयू वार्ड में लगी आग में अब तक तीन मरीजों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से अधिक मरीज घायल बताए जा रहे हैं। कई गंभीर मरीजों को अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, आग सुबह करीब 3 बजे अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर स्थित आईसीयू में लगी। देखते ही देखते आग से निकला जहरीला धुआं पूरे अस्पताल परिसर में फैल गया, जिससे मरीजों और उनके परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर आईसीयू सहित अन्य वार्डों में फंसे मरीजों को बाहर निकाला। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान 20 से अधिक मरीजों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया, हालांकि कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
अग्निशमन पदाधिकारी आर.एन. पांडेय ने बताया कि जब टीम मौके पर पहुंची तो आईसीयू वार्ड घने काले धुएं से भरा हुआ था। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मरीजों को बाहर निकाला और आग पर काबू पाया।
हादसे के बाद अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप भी लगे हैं। मृतकों के परिजनों का कहना है कि आग लगने के बाद अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारी मरीजों को छोड़कर मौके से फरार हो गए। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही और संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।