

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

neet aspirant explodes bomb balaghat collectorate mp
बालाघाट (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश के बालाघाट कलेक्ट्रेट परिसर में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब नीट (NEET) परीक्षा में धांधली और पेपर लीक से नाराज एक कथित अभ्यर्थी ने लो-डेंसिटी (कम तीव्रता) का बम फोड़ दिया। घटना के समय छात्र ने कलेक्ट्रेट के बाहर खड़े होकर प्रशासनिक व्यवस्था और सरकार के खिलाफ भाषण भी दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
'इंकलाब जिंदाबाद' के नारों के साथ फोड़ा बम
वायरल वीडियो में सफेद शर्ट और काली पैंट पहने एक युवक कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर दिखाई दे रहा है। युवक ने अपनी पहचान सुजल मेश्राम बताई है। घटना से पहले उसने 'इंकलाब जिंदाबाद' के नारे लगाए और कहा:
“हम कलम के जरिए अपनी आवाज उठाना चाहते थे, लेकिन मजबूरी में हमें कलम की निब तोड़नी पड़ रही है। इस सरकार ने हमें इस हद तक मजबूर कर दिया है कि मुझे ऐसी घिनौनी हरकत करनी पड़ रही है। मैंने यह करके दिखाया है और मैं सरकार को चुनौती दे रहा हूँ।”
'चाहता तो कट्टे से निपटा देता', 5 बम फोड़ने का दावा
छात्र ने मौके पर दावा किया कि वह अब तक ऐसे 5 बम फोड़ चुका है, लेकिन इसके बावजूद कोई भी प्रशासनिक अधिकारी उससे बात करने नहीं पहुँचा। उसने कहा, "मैं चाहता तो कट्टे से 4-5 लोगों को निपटा देता, लेकिन मैं ऐसा नहीं कर सकता।" इसके तुरंत बाद उसने कलेक्ट्रेट परिसर में लो-डेंसिटी बम फेंक दिया, जिससे एक जोरदार धमाका हुआ और परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस का बयान: 'गलती से हुआ', जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस महकमा सतर्क हो गया है। बालाघाट एएसपी निहित उपाध्याय ने बताया कि एक छात्र ने ऐसा कदम उठाया है। पूछताछ में छात्र का कहना है कि यह 'गलती से' हुआ है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
नीट पेपर लीक को लेकर बढ़ रहा आक्रोश
गौरतलब है कि NEET परीक्षा के पेपर लीक और धांधली के आरोपों को लेकर मध्य प्रदेश के कई शहरों में लगातार छात्र-छात्राओं और युवा संगठनों का प्रदर्शन जारी है। कलेक्ट्रेट जैसी सुरक्षित जगह पर हुई इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।