

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

nephew-kills-wife-on-birthday-surajpur
रायपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करते हुए एक युवक ने अपनी ही पत्नी, जो पहले उसकी मामी थी, की बेरहमी से हत्या कर दी। चरित्र पर शक, आपसी विवाद और सोशल मीडिया को लेकर उपजा तनाव इस खौफनाक हत्याकांड की वजह बना।
आरोपी युवक ने अपना जन्मदिन मनाने के बहाने पत्नी को होटल और पिकनिक स्पॉट ले जाकर पहले जश्न मनाया, शराब पिलाई और फिर जंगल में ले जाकर दुपट्टे से गला घोंटकर और चाकू से गला काटकर उसकी हत्या कर दी।

मृतका की पहचान पिंकी सोलंकी (26 वर्ष) के रूप में हुई है। पिंकी की शादी करीब 8 साल पहले भैसामुंडा निवासी शिवदास से हुई थी। शुरुआती वर्षों में दांपत्य जीवन सामान्य रहा, लेकिन काम की तलाश में दोनों अंबिकापुर आ गए और किराए के मकान में रहने लगे। इसी दौरान पिंकी ने एक बेटी को जन्म दिया।
इसी बीच शिवदास का भांजा हेमंत सोलंकी (24 वर्ष) भी रोजगार की तलाश में अंबिकापुर पहुंचा और मामा-मामी के साथ रहने लगा। मामा की गैरमौजूदगी में पिंकी और हेमंत के बीच नजदीकियां बढ़ीं, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गईं।

हालात ऐसे बने कि पिंकी ने अपने पति शिवदास को छोड़ दिया और भांजे हेमंत के साथ रहने लगी। बाद में दोनों ने लव मैरिज कर ली। इस रिश्ते से पिंकी को एक पांच महीने की बच्ची भी हुई।
शादी के कुछ समय बाद ही हेमंत को पिंकी की सोशल मीडिया गतिविधियां खटकने लगीं। उसे शक था कि पिंकी कई लड़कों से फोन पर बात करती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होने लगा।
लगातार झगड़ों से परेशान होकर पिंकी अपने दोनों बच्चों के साथ अलग रहने लगी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान हेमंत ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच ली थी। मृतका की बहन ने आरोप लगाया है कि हेमंत का किसी अन्य महिला से भी अफेयर था, जिसके चलते पिंकी अलग रह रही थी।

29 जनवरी को हेमंत का जन्मदिन था। उसने इसी मौके को अपनी साजिश को अंजाम देने के लिए चुना। वह पिंकी को बर्थडे सेलिब्रेशन के बहाने अंबिकापुर बुलाकर एक होटल ले गया, जहां दोनों ने केक काटा और शराब पी।
इसके बाद हेमंत पिंकी को पिलखा पहाड़ स्थित मोरभंज पिकनिक स्पॉट ले गया। नशे की हालत में वह उसे जंगल के अंदर ले गया, जहां पहले दुपट्टे से गला दबाकर बेसुध किया और फिर चाकू से गला काटकर उसकी निर्मम हत्या कर दी।वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
मृतका की छोटी बहन रिंकी पाटिल ने बताया कि पिंकी 29 जनवरी को दोपहर करीब 12:30 बजे अपनी बेटी को उसके पास छोड़कर बर्थडे पार्टी में जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। मोबाइल भी बंद आने लगा।

शक होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी हेमंत सोलंकी को कोरिया जिले के पंडोपारा से गिरफ्तार कर लिया।
एडिशनल एसपी योगेश देवांगन ने बताया कि कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी ने बताया कि उसने पूरी प्लानिंग के तहत हत्या को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।