

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Parbhani temple accident
महाराष्ट्र के परभणी जिले के मनवत तालुका स्थित यशवाड़ी देवस्थान में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां हनुमान मंदिर के गर्भगृह के सामने निर्माणाधीन सभा-मंडप की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में 6 लोगों की मौत की खबर सामने आई है, जबकि करीब 20 श्रद्धालुओं के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
हादसे के तुरंत बाद जिला प्रशासन, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है। मलबे में फंसे श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए स्थानीय नागरिक भी प्रशासन की मदद कर रहे हैं।
मलबे से निकाले गए घायलों को परभणी जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए कई एंबुलेंस और चिकित्सा दल घटनास्थल पर तैनात किए गए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही महाराष्ट्र सरकार में मंत्री मेघना बोरदिकर ने स्थिति का संज्ञान लिया और जिला कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक से संपर्क कर राहत सामग्री और क्रेन तुरंत मौके पर भेजने के निर्देश दिए। वहीं, एनसीपी विधायक राजेश विटेकर सहित जिले के अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
हालांकि, मृतकों की संख्या को लेकर प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। प्रशासन का कहना है कि प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है।
इस हादसे पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक श्रद्धालु के परिजनों को महाराष्ट्र सरकार की ओर से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही घायलों के समुचित उपचार के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।