

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

A major public outreach campaign is set to be launched in Chhattisgarh to mark the completion of 12 years of the Modi government; CM Sai convened an urgent late-night meeting and assigned key responsibilities to ministers.
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा शुरू किए गए देशव्यापी अभियान '12 साल बेमिसाल : विश्वास के, विकास के' को छत्तीसगढ़ में व्यापक स्तर पर सफल बनाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास में देर रात उच्च स्तरीय बैठक की। गुरुवार रात करीब 9 बजे शुरू हुई यह बैठक रात 2 बजे तक चली, जिसमें अभियान की रणनीति और जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा के अलावा मंत्री केदार कश्यप, गुरु खुशवंत साहेब, लक्ष्मी राजवाड़े, दयाल दास बघेल, टंकराम वर्मा, लखनलाल देवांगन तथा श्याम बिहारी जायसवाल भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बैठक में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 12 वर्षों तक देश का नेतृत्व कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इस उपलब्धि और केंद्र सरकार की योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए पार्टी संगठन ने प्रदेश स्तर से लेकर बूथ स्तर तक जिम्मेदारियां तय कर दी हैं।उन्होंने निर्देश दिए कि मंत्री, सांसद और विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर जनता के बीच जाएं और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों तथा उपलब्धियों की जानकारी सीधे लोगों तक पहुंचाएं।
बैठक में अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा भी तैयार की गई। इसके अंतर्गत विकसित भारत विषय पर संवाद कार्यक्रम, बुद्धिजीवी सम्मान समारोह, व्याख्यान और केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के साथ संवाद जैसे आयोजन किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
अभियान के दौरान जैविक खेती को बढ़ावा देने, प्राकृतिक खाद के उपयोग को प्रोत्साहित करने, कृषि कार्यशालाओं के आयोजन तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जनकल्याण शिविर लगाकर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने की योजना बनाई गई है।
अभियान के तहत 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूरे प्रदेश में विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा केंद्र सरकार के 12 वर्षों के विकास कार्यों को प्रदर्शित करने के लिए विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शनी, सम्मेलन और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनके माध्यम से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी की गई है।
मुख्यमंत्री निवास में आयोजित इस मैराथन बैठक के दौरान अभियान के संचालन, जनसंपर्क कार्यक्रमों, संगठनात्मक समन्वय और जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर विस्तार से मंथन किया गया। सरकार और संगठन की कोशिश है कि केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्रदेश के हर गांव, हर वार्ड और हर बूथ तक प्रभावी तरीके से पहुंचाई जाए।