

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

phe contractors protest over pending jal jeevan mission bills in raipur
रायपुर। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग के मुख्यालय के बाहर सोमवार को ठेकेदारों ने लंबित भुगतान को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान ठेकेदारों ने आरोप लगाया कि जल जीवन मिशन सहित विभिन्न निर्माण कार्यों के बिल पिछले करीब दो वर्षों से लंबित हैं, जिससे वे गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारी ठेकेदारों का कहना है कि समय पर भुगतान नहीं मिलने से कर्मचारियों का वेतन, बैंक ऋण की किस्तें, निर्माण सामग्री आपूर्तिकर्ताओं का बकाया और मजदूरों की मजदूरी का भुगतान करना मुश्किल हो गया है। उनका आरोप है कि विभागीय अधिकारियों को कई बार ज्ञापन और आवेदन देने के बावजूद केवल आश्वासन मिला, लेकिन भुगतान की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी।
ठेकेदारों ने कहा कि उन्होंने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की पेयजल योजनाओं समेत कई विकास कार्य समय पर पूरे किए हैं, इसके बावजूद उनके बिल अटके हुए हैं। उनका कहना है कि सबसे अधिक परेशानी छोटे और मध्यम श्रेणी के ठेकेदारों को हो रही है, जो अब नए काम लेने की स्थिति में भी नहीं हैं।
ठेकेदारों की प्रमुख मांगें
जल जीवन मिशन के लंबित रनिंग और फाइनल बिलों का तत्काल भुगतान किया जाए।
टेंडर और एग्रीमेंट के बाद जोड़ी गई अतिरिक्त शर्तों को समाप्त किया जाए।
प्रदर्शन के दौरान ठेकेदारों ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी भी की। इसके बाद उन्होंने प्रबंध संचालक (एमडी) के नाम अतिरिक्त एमडी को ज्ञापन सौंपा। साथ ही राज्यपाल के नाम भी अलग से ज्ञापन दिया गया।
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी और आसपास के क्षेत्र में यातायात को डायवर्ट किया। अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
छत्तीसगढ़ पीएचई कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि यदि जल्द ही लंबित भुगतान जारी नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।