

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

pm-modi-speech-women-reservation-bill-opposition-attack
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को महिला आरक्षण बिल के संदर्भ में देश को संबोधित किया। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि संसद में विपक्ष का व्यवहार नारी शक्ति के स्वाभिमान पर गहरी चोट है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि देश की महिलाएं इस अपमान को कभी नहीं भूलेंगी।
प्रधानमंत्री ने संसद में हुए हंगामे का जिक्र करते हुए कहा, "कल विपक्ष ने जो भी किया, वह केवल टेबल पर थाप नहीं थी। वह नारी के स्वाभिमान और उसके आत्मसम्मान पर चोट थी। नारी सब कुछ भूल सकती है, लेकिन अपना अपमान कभी नहीं भूलती।" उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने जिस तरह का व्यवहार संसद में किया है, उसकी टीस हर महिला के मन में हमेशा बनी रहेगी।
पीएम मोदी ने कहा कि जब ये नेता अपने क्षेत्रों में जाएंगे, तब महिलाएं इन्हें याद दिलाएंगी कि ये वही लोग हैं जिन्होंने महिला आरक्षण को रोकने का जश्न मनाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके साथी दल महिला शक्ति के नारे से ही नफरत करते हैं और हमेशा से महिला सशक्तिकरण को रोकने के षड्यंत्र रचते रहे हैं।
कांग्रेस पर सीधा निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार भी बिल को रोकने के लिए नए-नए झूठ का सहारा लिया गया।
पीएम के अनुसार, कांग्रेस ने कभी संख्या के नाम पर तो कभी किसी और बहाने से देश को गुमराह करने की कोशिश की।
मोदी ने कहा, “ऐसा करके इन दलों ने भारत की नारी शक्ति के सामने अपना असली चेहरा उजागर कर दिया है। आज उनका मुखौटा उतर चुका है।”
संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने दोहराया कि भाजपा सरकार नारी शक्ति को उनका अधिकार देने के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि विपक्ष ने हर बार इस राह में रोड़े अटकाए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि देश की नारी शक्ति इन बाधाओं को पार करेगी और अपनी पहचान मजबूत करेगी।