

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

durg bed student murder boyfriend arrested
दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या की वजह चरित्र पर शक बताया जा रहा है। हैरान करने वाली बात यह है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद ही डायल-112 को फोन कर इसकी सूचना दी और पुलिस के पहुंचने पर बहाना बनाया कि युवती बेहोश हो गई है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 26 वर्षीय युनेश्वरी वर्मा के रूप में हुई है, जो खैरागढ़ जिले की रहने वाली थी और दुर्ग में रहकर पढ़ाई कर रही थी। आरोपी कार्तिक राम साहू (27) बालोद जिले का निवासी है। दोनों कोलिहापुरी स्थित बी.एम. कॉलेज में बी.एड के छात्र थे, जहाँ उनकी जान-पहचान हुई और फिर प्रेम संबंध शुरू हुआ।
बताया जा रहा है कि कार्तिक अपनी प्रेमिका युनेश्वरी पर किसी अन्य के साथ संबंध होने का शक करता था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। शुक्रवार, 17 अप्रैल को दोपहर करीब 1:00 बजे कार्तिक उसे सुभाष नगर स्थित अपने किराए के कमरे पर लेकर आया। वहाँ फिर से उसी बात पर झगड़ा शुरू हुआ और गुस्से में आकर कार्तिक ने युनेश्वरी का गला दबा दिया।
हत्या के बाद जब युनेश्वरी के शरीर में कोई हलचल नहीं हुई, तो आरोपी ने डायल-112 पर फोन किया। मौके पर जब पुलिस टीम पहुँची, तो आरोपी ने पुलिस को गुमराह करते हुए कहा- “देखिए साहब, यह बेहोश हो गई है, उठ नहीं रही है।”
पुलिस ने तुरंत युवती को अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया, जहाँ कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पद्मनाभपुर थाना पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। शव का पंचनामा कर आज पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।