

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bilaspur-youth-sets-himself-on-fire-bilha-cctv-viral
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बिल्हा थाना क्षेत्र के ग्राम पौशरी में शुक्रवार दोपहर एक 28 वर्षीय युवक ने बीच सड़क पर खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। आग की लपटों से घिरा युवक करीब 20 मीटर तक चीखते-चिल्लाते हुए भागा, जिसे देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई। युवक का इलाज बर्न एवं ट्रॉमा सेंटर में जारी है, जहाँ उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम पौशरी निवासी मनजीत जायसवाल (28) शुक्रवार दोपहर को गांव के ही एक पेट्रोल पंप पहुँचा। वहाँ से उसने डिब्बे में पेट्रोल खरीदा और अपनी बुलेट पर सवार होकर कुछ दूर सड़क तक गया। CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि युवक अचानक बीच सड़क पर रुका, डिब्बे से खुद पर पेट्रोल उड़ेला और माचिस जला ली।
आग लगते ही युवक लपटों से घिर गया। दर्द से कराहता हुआ वह सड़क पर करीब 20 मीटर तक भागा और फिर जमीन पर लोटने लगा। स्थानीय लोगों ने जब युवक को आग की लपटों में देखा, तो तुरंत मौके पर पहुँचकर आग बुझाई और पुलिस व एंबुलेंस को सूचित किया। इस घटना में उसकी बुलेट बाइक भी जलकर खाक हो गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुँची। युवक को गंभीर हालत में पहले CMC अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से उसे बेहतर इलाज के लिए बर्न और ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, युवक करीब 80% तक झुलस चुका है।
हैरानी की बात यह है कि अस्पताल में पुलिस को दिए बयान में युवक ने इसे एक 'हादसा' बताया है। हालांकि, CCTV वीडियो में वह साफ तौर पर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाते हुए दिखाई दे रहा है।
एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया: “पुलिस को सूचना मिलते ही घायल को तत्काल अस्पताल पहुँचाया गया। युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसके कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।”
फिलहाल पुलिस युवक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि इस आत्मघाती कदम के पीछे की असली वजह सामने आ सके।