

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की संक्षिप्त लेकिन बेहद महत्वपूर्ण यात्रा ने भारत के लिए तरक्की के नए रास्ते खोल दिए हैं। शुक्रवार को अपनी ढाई घंटे की यूएई यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। इस मुलाकात में दोनों देशों के बीच 5 मेगा डील पर मुहर लगी है, जिसके तहत यूएई भारत में 48 हजार करोड़ रुपये (5 बिलियन डॉलर) का भारी-भरकम निवेश करेगा।
इस ऐतिहासिक समझौते में एलपीजी गैस सप्लाई बढ़ाने से लेकर भारत के स्ट्रेटेजिक ऑयल रिजर्व को मजबूत करने तक के बड़े फैसले शामिल हैं।
भारत का ऑयल रिजर्व होगा 3 करोड़ बैरल
इस डील की सबसे बड़ी बात यह है कि भारत के सामरिक तेल भंडार (Strategic Petroleum Reserve) को 3 करोड़ बैरल तक पहुंचाने के लिए यूएई पूर्ण सहयोग करेगा। इसके लिए इंडियन स्ट्रेटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व्स लिमिटेड और अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी के बीच सीधा करार हुआ है। इसके अलावा, गुजरात के वाडिनार में एक अत्याधुनिक शिप रिपेयर क्लस्टर बनाने के लिए कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड और ड्रायडॉक्स वर्ल्ड के बीच भी एमओयू (MoU) साइन किया गया है।
यूएई और भारत में डिफेंस डील के आसार बढ़े
जानकारों के मुताबिक, इस यात्रा में हुई स्ट्रेटेजिक डिफेंस पार्टनरशिप के बाद अब भारत और यूएई के बीच एक बड़ी डिफेंस डील का रास्ता साफ हो गया है। हाल ही में खाड़ी क्षेत्र में बढ़े तनाव और हमलों के बीच, पीएम मोदी ने यूएई पर हुए हमलों की निंदा की और कहा कि भारत हमेशा पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता का समर्थक रहा है। पीएम मोदी ने यूएई को अपना 'दूसरा घर' बताते हुए कहा कि भारत हर परिस्थिति में यूएई के साथ खड़ा है।
भव्य स्वागत: F-16 फाइटर जेट्स ने आसमान में दिया एस्कॉर्ट
पीएम मोदी की इस यात्रा की अहमियत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जब उनका विमान यूएई के हवाई क्षेत्र में पहुंचा, तो यूएई एयरफोर्स के एफ-16 (F-16) फाइटर जेट्स ने उनके विमान को हवा में एस्कॉर्ट किया। अबू धाबी में उन्हें 'गार्ड ऑफ ऑनर' भी दिया गया। बता दें कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी की यह आठवीं यूएई यात्रा थी।
नीदरलैंड्स, स्वीडन और इटली के लिए रवाना हुए पीएम मोदी
यूएई में अपनी कूटनीतिक सफलता का परचम लहराने के बाद प्रधानमंत्री मोदी नीदरलैंड्स के लिए रवाना हो गए हैं, जहां वे पीएम रॉब जैटिन से मुलाकात करेंगे। इसके बाद अपने इस विदेश दौरे के अगले चरणों में वे 17 मई को स्वीडन, 18-19 मई को नॉर्वे और 19-20 मई को इटली का दौरा करेंगे, जहां वे इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात करेंगे।