

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

pm surya ghar yojana raigarh leads chhattisgarh in solar rooftop installation
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना छत्तीसगढ़ में हरित विकास और ऊर्जा आत्मनिर्भरता का नया अध्याय लिख रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों के चलते प्रदेश में सौर ऊर्जा को लेकर लोगों में लगातार उत्साह बढ़ रहा है। इस अभियान में रायगढ़ जिला पूरे प्रदेश में सबसे आगे निकलकर सामने आया है।
जिले में अब तक 2,705 परिवारों के घरों की छतों पर सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे ये परिवार ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन गए हैं और उनका बिजली बिल लगभग शून्य हो गया है।

रायगढ़ की बड़ी उपलब्धि
रायगढ़ जिले में लगाए गए 2,705 सोलर संयंत्रों की कुल क्षमता 11,504 किलोवाट से अधिक है। इन संयंत्रों से प्रतिदिन लगभग 46 हजार यूनिट और प्रतिमाह करीब 13.80 लाख यूनिट हरित बिजली का उत्पादन हो रहा है। इससे न केवल उपभोक्ताओं की बिजली जरूरतें पूरी हो रही हैं, बल्कि पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता भी घट रही है।
योजना पर बढ़ रहा जनविश्वास
योजना के तहत जिले में अब तक 6,701 आवेदन प्राप्त हुए हैं। केवल मई महीने में ही 912 नए आवेदन मिले, जिनमें से 411 घरों में सोलर प्लांट लगाए जा चुके हैं। वर्तमान में हर सप्ताह औसतन 228 नए आवेदन प्राप्त हो रहे हैं और 100 से अधिक घरों में नियमित रूप से सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं।
गर्मी में बड़ी राहत
भीषण गर्मी के मौसम में एयर कंडीशनर और कूलर के कारण बढ़ते बिजली बिलों से राहत दिलाने में यह योजना कारगर साबित हो रही है। योजना से जुड़े परिवार अपनी जरूरत की अधिकांश बिजली स्वयं उत्पन्न कर रहे हैं, जिससे उनका मासिक बिजली खर्च बेहद कम हो गया है।
सब्सिडी और आसान ऋण सुविधा
विद्युत विभाग के अनुसार केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ कम किया गया है। पात्र हितग्राहियों को 1.08 लाख रुपये तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है। साथ ही सोलर प्लांट लगाने के लिए बैंकों के माध्यम से आसान ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
इतनी बिजली का हो रहा उत्पादन
1 किलोवाट सोलर प्लांट से प्रतिमाह लगभग 120 यूनिट बिजली उत्पादन
2 किलोवाट सोलर प्लांट से प्रतिमाह लगभग 240 यूनिट बिजली उत्पादन
3 किलोवाट सोलर प्लांट से प्रतिमाह लगभग 360 यूनिट बिजली उत्पादन
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और पारदर्शी है। इच्छुक उपभोक्ता पीएम सूर्यघर पोर्टल, मोबाइल ऐप, CSPDCL की डिजिटल सेवाओं या टोल-फ्री नंबर 1912 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। उपभोक्ताओं को अपनी पसंद के अधिकृत वेंडर का चयन करने की भी सुविधा दी गई है।
सौर ऊर्जा का यह बढ़ता अभियान न केवल रायगढ़ बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को स्वच्छ, हरित और प्रदूषण-मुक्त भविष्य की ओर ले जा रहा है। यह योजना आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जमीनी स्तर पर साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।