

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raghav-chadha-demotion-aap-inside-story
नई दिल्ली: राघव चड्ढा को आम आदमी पार्टी (AAP) ने राज्यसभा में उपनेता पद से हटा दिया है। उनकी जगह अशोक मित्तल को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी के इस फैसले के पीछे लंबे समय से चल रही अंदरूनी नाराज़गी और चड्ढा के बदले व्यवहार को मुख्य वजह बताया जा रहा है।
कई महीनों से हाशिये पर थे राघव
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, राघव चड्ढा पिछले कई महीनों से संगठन में सक्रिय भूमिका में नहीं थे। हालांकि वे औपचारिक रूप से पार्टी का हिस्सा बने रहे, लेकिन उन्होंने न तो पार्टी नेताओं से संवाद बनाए रखा और न ही सार्वजनिक मंचों या सोशल मीडिया पर पार्टी के साथ मजबूती से खड़े दिखाई दिए।
सूत्रों का कहना है कि संसद में पार्टी के मुद्दों को लेकर भी चड्ढा ने सामूहिक रणनीति का पालन नहीं किया। आम आदमी पार्टी को आवंटित समय और उठाए जाने वाले मुद्दों पर वे अन्य नेताओं से चर्चा नहीं करते थे, जिससे पार्टी के भीतर असंतोष बढ़ता गया।
कठिन समय में चुप्पी बनी बड़ी वजह
जब कथित आबकारी नीति मामले में अरविंद केजरीवाल समेत पार्टी के कई बड़े नेता जेल में थे, तब भी राघव चड्ढा की चुप्पी को लेकर सवाल उठे। यहां तक कि अदालत से राहत मिलने के बाद भी उन्होंने सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी और न ही नेताओं से मुलाकात की।
स्टार प्रचारकों की सूची से भी बाहर
पार्टी ने धीरे-धीरे राघव चड्ढा की भूमिका कम करनी शुरू कर दी थी। हाल ही में उन्हें पार्टी के स्टार प्रचारकों की सूची से भी हटा दिया गया था। बताया जा रहा है कि पार्टी के दूसरे स्तर के नेता भी उनके व्यवहार में आए बदलाव से असहज थे।
केजरीवाल तक पहुंची शिकायतें
सूत्रों के अनुसार, कई नेताओं ने सीधे अरविंद केजरीवाल से शिकायत की कि जब राघव चड्ढा पार्टी और सांसदों से संवाद ही नहीं रखते, तो उन्हें उपनेता बनाए रखने का कोई औचित्य नहीं है। इसके बाद पार्टी नेतृत्व ने यह बड़ा फैसला लिया।
पार्टी नेतृत्व को इस बात का भी मलाल रहा कि जब संगठन कठिन दौर से गुजर रहा था, उस समय राघव चड्ढा विदेश में थे और लौटने के बाद भी सक्रिय नहीं दिखे।
सूत्रों का यह भी दावा है कि राघव चड्ढा ने LPG संकट, कूड़ा प्रबंधन और विदेश नीति जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर बोलने से परहेज किया और केवल चुनिंदा विषयों पर ही सक्रियता दिखाई, जिसे पार्टी के भीतर निजी छवि निर्माण (PR) से जोड़कर देखा गया।