

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raghav-chadha-z-category-security-mha-update
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। गृह मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, केंद्र सरकार ने राघव चड्ढा की सुरक्षा बढ़ाते हुए उन्हें 'Z' कैटेगरी का सुरक्षा कवर प्रदान किया है। खास बात यह है कि उन्हें यह सुरक्षा घेरा दिल्ली और पंजाब, दोनों ही राज्यों में मिलेगा।
जानकारी के मुताबिक, गृह मंत्रालय ने यह कदम इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) की 'थ्रेट परसेप्शन रिपोर्ट' (खतरे के आकलन) के आधार पर उठाया है। अब राघव चड्ढा की सुरक्षा की जिम्मेदारी अर्धसैनिक बलों के जवानों के कंधों पर होगी। गौरतलब है कि कुछ समय पहले ही पंजाब सरकार ने राघव चड्ढा की सुरक्षा वापस ले ली थी, जिसके बाद अब केंद्र ने उन्हें सुरक्षा देने का निर्णय लिया है।
'Z' कैटेगरी की सुरक्षा काफी पुख्ता मानी जाती है। इसमें कुल 33 सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं। आवास पर 10 सशस्त्र गार्ड तैनात रहते हैं। 6 पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर 24 घंटे साथ रहते हैं। 12 कमांडो तीन शिफ्टों में एस्कॉर्ट के तौर पर चलते हैं। इसमें 2 वॉचर्स और 3 ट्रेंड ड्राइवर भी चौबीसों घंटे सुरक्षा चक्र का हिस्सा होते हैं।
इस सुरक्षा कवर को आम आदमी पार्टी और राघव चड्ढा के बीच बढ़ती राजनीतिक दूरियों से जोड़कर देखा जा रहा है। सूत्रों का दावा है कि चड्ढा और पार्टी नेतृत्व के बीच 'खाई' इतनी बढ़ गई है कि पंजाब सरकार ने उनसे पहले से मिली Z+ श्रेणी की सुरक्षा वापस ले ली थी।
बता दें कि हाल ही में 2 अप्रैल को पार्टी ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में डिप्टी लीडर के पद से हटा दिया था। उनकी जगह डॉ. अशोक कुमार मित्तल को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
पार्टी और सांसद के बीच का विवाद तब सार्वजनिक हो गया जब पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राघव चड्ढा पर गंभीर आरोप लगाए। सीएम मान ने कहा “जब पार्टी उम्मीद करती है कि सांसद गंभीर मुद्दों पर आवाज उठाएं या वॉकआउट करें, तब वह ऐसा नहीं करते। बंगाल और गुजरात के गंभीर मुद्दों के बजाय चड्ढा ने संसद में समोसे महंगे होने और पिज्जा डिलीवरी जैसे सतही मुद्दे उठाए। मुझे लगता है कि वह कम्प्रोमाइज्ड (समझौता कर चुके) हैं।”
राघव चड्ढा ने भी एक वीडियो जारी कर खुद पर लगे आरोपों का जवाब देते हुए अपनी ही पार्टी को निशाने पर लिया था, जिसके बाद से जुबानी जंग और तेज हो गई है। केंद्र द्वारा दी गई यह नई सुरक्षा इस सियासी ड्रामे में एक नया मोड़ माना जा रहा है।