

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raigarh double murder case land dispute solved
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत क्रोंधा गांव में हुए बुजुर्ग दंपती के दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। रिटायर्ड SECL कर्मचारी मंगल राठिया (65) और उनकी पत्नी पुनाई बाई (55) की हत्या जमीन विवाद के चलते उनके ही परिचितों द्वारा की गई थी। पुलिस ने मामले में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है।
क्या था मामला?
15 जुलाई को ग्राम औरामुड़ा निवासी मंगल राठिया और उनकी पत्नी के जले हुए शव उनके ही घर के अंदर बरामद हुए थे। शुरुआत में इसे आगजनी का हादसा माना जा रहा था, लेकिन पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक जांच में हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में डॉग स्क्वॉड की डॉग 'रूबी' अहम कड़ी साबित हुई। घटनास्थल पर मिली हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी की गंध के आधार पर 'रूबी' सीधे संदेही श्याम लाल राठिया (32) तक पहुंची। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने श्याम लाल और उसके भाई जीवन लाल राठिया (48) को हिरासत में लिया।
आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वर्ष 2013 में उन्होंने एक जमीन का सौदा किया था, जिसे मंगल राठिया ने अधिक कीमत देकर खरीद लिया था। इसी रंजिश के चलते 14 जुलाई की रात दोनों भाई कुल्हाड़ी (टांगी) लेकर दंपती के घर पहुंचे। मंगल राठिया और उनकी पत्नी पुनाई बाई की निर्मम हत्या करने के बाद आरोपियों ने शवों और घर में आग लगा दी, ताकि इसे महज एक हादसा साबित किया जा सके।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।