

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Dispute escalates in village following pressure for 'Ghar Wapsi'; two families forced to leave their homes.
कांकेर। कांकेर जिले के अंतागढ़ विकासखंड के ताड़ोकी थाना क्षेत्र के बरेंबेड़ा गांव में मतांतरण को लेकर विवाद सामने आया है। आरोप है कि गांव के दो परिवारों ने कई वर्ष पहले धर्म परिवर्तन किया था। पिछले कुछ समय से ग्रामीणों की ओर से उन पर वापस लौटने का दबाव बनाया जा रहा था। जब परिवारों ने ऐसा करने से इनकार किया तो ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से कार्रवाई करते हुए उन्हें गांव से बाहर कर दिया।बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने दोनों परिवारों के घरों से सामान निकालकर गांव की सीमा के बाहर रख दिया और बाद में मकानों में ताला लगा दिया।
घटना के समय इलाके में तेज बारिश हो रही थी। परिवारों का घरेलू सामान, बर्तन और अनाज खुले में पड़े रहने से भीग गए। पीड़ित परिवारों ने आरोप लगाया कि इस पूरी कार्रवाई के दौरान मौके पर न तो पुलिस मौजूद थी और न ही प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे।हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पीड़ित परिवारों ने इस मामले में पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है या नहीं। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्षेत्र के हाटकोंगेरा गांव में भी मतांतरण से जुड़ा एक अन्य विवाद सामने आया है। यहां एक मतांतरित परिवार ने अपने मृत सदस्य का अंतिम संस्कार गांव की सीमा के पास दफनाकर किया था इससे नाराज ग्रामीणों ने बैठक कर निर्णय लिया कि शव को गांव की सीमा से हटाकर ईसाई समुदाय के निर्धारित कब्रिस्तान में दफनाया जाए। ग्रामीणों ने इस संबंध में प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा है।
बरेंबेड़ा और आसपास के गांवों में मतांतरण को लेकर विवाद बढ़ने के बाद स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। ग्रामीणों और प्रभावित परिवारों के बीच बढ़ते मतभेद को देखते हुए अब प्रशासन की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है। अधिकारियों की ओर से मामले की जांच और आगे की कार्रवाई को लेकर इंतजार किया जा रहा है।