

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Politics: Deputy CM Arun Sao attacks Congress, says, 'Congress wants to defame the government by spreading misinformation.'
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने सोमवार को NEET परीक्षा विवाद, यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC), स्मार्ट मीटर, स्थानीय निकायों की CAG रिपोर्ट और विकास कार्यों सहित कई मुद्दों पर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस तथ्यहीन आरोप लगाकर सरकार की छवि खराब करने की कोशिश कर रही है।
NEET परीक्षा विवाद और छात्रों के प्रदर्शन पर अरुण साव ने कहा कि सरकार ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए दोबारा परीक्षा आयोजित कराई। इसके बावजूद विपक्ष युवाओं को गुमराह कर सरकार को बदनाम करने और देश में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रहा है, लेकिन वह अपने मकसद में सफल नहीं होगा।
यूनिफॉर्म सिविल कोड को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि आदिवासी समाज के अधिकार पूरी तरह सुरक्षित रहेंगे। उन्होंने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली समिति जनता से सुझाव लेकर सरकार को मसौदा सौंपेगी। साव ने कहा कि कांग्रेस केवल भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है।
बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर कांग्रेस के विरोध को लेकर अरुण साव ने कहा कि स्मार्ट मीटर आधुनिक तकनीक का हिस्सा हैं और इससे उपभोक्ताओं को पारदर्शी व्यवस्था मिलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस बिना वजह इस मुद्दे का राजनीतिकरण कर रही है।
विपक्षी विधायकों के क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए राशि नहीं मिलने के आरोपों को निराधार बताते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार पूरे प्रदेश के संतुलित विकास के लिए काम कर रही है। किसी भी क्षेत्र के साथ भेदभाव नहीं किया जा रहा है।
संसद में सरकार पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों पर अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस एक भी ठोस तथ्य पेश नहीं कर सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल साय सरकार को बदनाम करने की साजिश कर रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव के संबंधों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कब विवाद होगा और कब मेल-मिलाप, इसका किसी को पता नहीं। उनके अनुसार कांग्रेस के पास न नीति है, न नीयत और न ही नेतृत्व।
स्थानीय निकायों की CAG रिपोर्ट का जिक्र करते हुए अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में जनता ने अव्यवस्था और अनियमितताओं को देखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति केवल सत्ता और परिवार तक सीमित रही, जबकि वर्तमान सरकार सुशासन और विकास के एजेंडे पर काम कर रही है।