

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Protest in Raipur in support of Sonam Wangchuk; demands raised for the Education Minister's resignation and the dissolution of the NTA.
रायपुर। राजधानी रायपुर के आंबेडकर चौक पर बीते सोमवार को आल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO), आल इंडिया डेमोक्रेटिक यूथ ऑर्गेनाइजेशन (AIDYO) और जन न्याय मंच के बैनर तले बड़ी संख्या में छात्रों, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलनरत पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में आवाज बुलंद करते हुए कथित पुलिस कार्रवाई की निंदा की।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) को भंग करने की मांग की। उनका कहना था कि पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है, जिसके लिए जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
संगठनों के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि दिल्ली में छात्र और युवा पेपर लीक तथा परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी बात सुनने के बजाय दमनात्मक रवैया अपना रही है। उन्होंने आंदोलनकारियों से तत्काल संवाद शुरू करने और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया जाना चाहिए। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक पर प्रभावी रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए आंदोलन को और तेज करने का आह्वान किया।
इधर, रमाई आंबेडकर बौद्ध विहार संस्था ने राज्यपाल रमेन डेका के माध्यम से केंद्र सरकार को ज्ञापन भेजा। संस्था के अध्यक्ष निहाल गोस्वामी ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जाए, प्रतियोगी परीक्षाओं को निष्पक्ष बनाया जाए और जिम्मेदारी तय करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा लिया जाए। साथ ही, सोनम वांगचुक और छात्रों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर केंद्र सरकार गंभीरता से कार्रवाई करे। उन्होंने राज्यपाल से यह ज्ञापन केंद्र सरकार तक पहुंचाने का अनुरोध भी किया।