

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

10 to 15 students fell ill at Kasturba Hostel; suspected food poisoning; 4 students admitted to the hospital.
कवर्धा। कवर्धा जिले के पंडरिया थाना क्षेत्र के ग्राम दुल्लापुर बाजार स्थित कस्तूरबा गांधी कन्या छात्रावास में सोमवार को अचानक कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद 10 से 15 छात्राओं के बीमार होने की सूचना मिली। घटना के बाद छात्रावास प्रबंधन ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी और सभी छात्राओं को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
छात्रावास की प्रभारी अधीक्षक ने सभी बीमार छात्राओं को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद चार छात्राओं की हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरिया रेफर कर भर्ती कराया। अन्य छात्राओं का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार जारी है।
प्रारंभिक जांच में मामला फूड पॉइजनिंग से जुड़ा माना जा रहा है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि छात्राओं के बीमार होने की वास्तविक वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। एहतियात के तौर पर सभी छात्राओं की स्वास्थ्य निगरानी की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम छात्रावास पहुंची और भोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं की जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने भोजन के नमूनों की जांच की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है, ताकि बीमारी के कारणों का पता लगाया जा सके।
चिकित्सकों के अनुसार उपचाररत सभी छात्राओं की स्थिति फिलहाल सामान्य है और किसी की हालत गंभीर नहीं है। घटना के बाद छात्राओं के अभिभावकों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश देते हुए छात्रावास की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा शुरू कर दी है।