

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raigarh professor harassment case viral video
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ के शासकीय महाविद्यालय कुंजारा में पदस्थ एक प्रोफेसर पर पड़ोस में रहने वाली एक युवती ने यौन उत्पीड़न और अश्लील मैसेज भेजने का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवती गुस्से में प्रोफेसर के साथ मारपीट करती नजर आ रही है।
क्या है पूरा मामला?
आरोप है कि शासकीय महाविद्यालय कुंजारा में पदस्थ प्रोफेसर रेमन भार्गव पिछले करीब डेढ़ साल से अपनी पड़ोस में रहने वाली युवती को व्हाट्सएप और टेलीग्राम के जरिए अश्लील मैसेज भेज रहे थे। युवती का यह भी आरोप है कि प्रोफेसर उस पर शारीरिक संबंध बनाने का लगातार दबाव बना रहे थे।
मंगेतर के साथ पहुंची कॉलोनी, सरेआम की पिटाई
1 जुलाई को युवती अपने मंगेतर के साथ प्रोफेसर की कॉलोनी में पहुंची। यहाँ प्रोफेसर के साथ उसका तीखा विवाद हुआ, जिसके बाद युवती ने अपना आपा खो दिया और प्रोफेसर को सरेआम थप्पड़ जड़ दिए। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
वायरल वीडियो में युवती को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि, "मैं शादी करने वाली हूं और तुम मुझे परेशान कर रहे हो।" इस दौरान प्रोफेसर की पत्नी मौके पर मौजूद थीं, जो युवती से माफी मांगती हुई दिखाई दीं।
“अन्य लड़कियों को भी बनाया शिकार”
युवती का दावा है कि प्रोफेसर रेमन भार्गव ने केवल उसे ही नहीं, बल्कि कई अन्य लड़कियों को भी इसी तरह परेशान किया है। उसने पीड़ित अन्य लड़कियों से भी आगे आने की अपील की है। युवती ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उसे न्याय नहीं मिला, तो वह कानूनी लड़ाई जारी रखेगी और प्रोफेसर को जेल भेजवाकर दम लेगी।
शासकीय कॉलेज कुंजारा के प्राचार्य एमएल पटेल ने इस घटना से पल्ला झाड़ लिया है। उनका कहना है कि यह मामला कॉलेज परिसर से बाहर का है और उनका निजी मामला प्रतीत होता है। प्राचार्य के अनुसार, युवती ने कॉलेज में प्रोफेसर के खिलाफ कोई आधिकारिक शिकायत नहीं की है। यदि शिकायत मिलती, तो उच्च विभाग को सूचित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाती।
लैलूंगा थाना प्रभारी गिरधारी साव ने पुष्टि की है कि युवती ने प्रोफेसर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया, जिसके चलते पुलिस ने आगे कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की।