

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raigarh-student-assault-video-viral
रायगढ़। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक स्कूली छात्र के साथ बर्बर मारपीट का मामला सामने आया है। पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों और चार नाबालिगों ने छात्र का रास्ता रोककर लात-घूंसे और डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना लक्ष्मीपुर स्थित ओला शोरूम के पास की है। जानकारी के अनुसार दीनदयाल कॉलोनी निवासी छात्र 6 फरवरी को अपने दोस्तों के साथ स्कूटी से घर लौट रहा था, तभी अभय सिंह ठाकुर और कपिश मित्तल अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे और छात्र को रोक लिया। स्कूल की पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने छात्र को घसीट-घसीटकर पीटा। राहगीरों की मदद से घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया गया।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी बाइक और स्कूटी पर सवार होकर गाली-गलौज कर रहे हैं और एक छात्र को घेरकर मारपीट कर रहे हैं। मौके पर कोई बीच-बचाव करने वाला मौजूद नहीं था।
शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को हिरासत में लिया है। इनमें 4 नाबालिग शामिल हैं, जिन्हें किशोर न्यायालय में पेश किया जाएगा। वहीं दो आरोपी अभय सिंह ठाकुर (19) निवासी बैकुंठपुर महावीर चौक और कपिश मित्तल (18) निवासी कयाघाट जूटमिल को न्यायालय में पेश कर रिमांड की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है, साथ ही बलवा की धाराएं जोड़ने की प्रक्रिया जारी है।
सीएसपी मयंक मिश्रा ने आरोपियों के परिजनों को कार्यालय बुलाकर बच्चों की गतिविधियों, संगति और स्कूल उपस्थिति पर विशेष निगरानी रखने की सख्त हिदायत दी है। संबंधित स्कूलों के शिक्षकों को भी अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इस मामले पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में गुंडागर्दी, सार्वजनिक मारपीट और कानून हाथ में लेने की प्रवृत्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर माहौल बिगाड़ने वालों पर भी सख्त कार्रवाई होगी। जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।