

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur cyber fraud gold coins purchase three accused arrested 12 gram gold seized
रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगी से हासिल रकम को ठिकाने लगाने का नया तरीका सामने आया है। ठग साइबर फ्रॉड से प्राप्त रकम का इस्तेमाल कर सराफा दुकानों से सोने के सिक्के खरीद रहे थे, जिससे चोरी की रकम को आसानी से वैध बनाया जा सके। मामले का खुलासा एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा टिकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हुआ है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 1.80 लाख रुपये कीमत के 12 ग्राम सोने के सिक्के बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनजीत मंडल, शाहिल नेताम और आयुष साहू के रूप में हुई है। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है ताकि साइबर ठगी की रकम के स्रोत और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।
श्री ओम शांति ज्वेलर्स में खरीदे 7 ग्राम सोने के सिक्के
पुलिस जांच में सामने आया कि 18 जुलाई को टिकरापारा स्थित श्री ओम शांति ज्वेलर्स में दो युवक पहुंचे। इनमें से एक ने 7 ग्राम का सोने का सिक्का खरीदने की इच्छा जताई। दुकान में एक साथ 7 ग्राम का सिक्का उपलब्ध नहीं होने पर दुकानदार ने उसे 1-1 ग्राम के सात सोने के सिक्के उपलब्ध कराए।
इन सिक्कों की कुल कीमत 99,900 रुपये थी। आरोपियों ने भुगतान "JAGDAMBA TC" नाम की UPI आईडी के माध्यम से ऑनलाइन किया। उस समय लेन-देन सामान्य प्रतीत हुआ और ज्वेलर्स ने सोने के सिक्के सौंप दिए।
बैंक ने फ्रीज की रकम, तब हुआ साइबर ठगी का खुलासा
करीब दो दिन बाद ज्वेलर्स संचालक को बैंक से सूचना मिली कि उनके खाते में आई 99,900 रुपये की राशि को फ्रीज कर दिया गया है। बैंक की जांच में पता चला कि यह रकम साइबर फ्रॉड से जुड़े खाते से ट्रांसफर की गई थी। इसके बाद ज्वेलर्स ने पुलिस से संपर्क किया और मामले की शिकायत दर्ज कराई।
अजय ज्वेलर्स को भी बनाया निशाना
जांच के दौरान पुलिस को एक और समान मामला मिला। 17 जुलाई को एक युवक अजय ज्वेलर्स पहुंचा और 5 ग्राम का सोने का सिक्का खरीदा। इसके लिए उसने उसी "JAGDAMBA TC" UPI आईडी से 76,220 रुपये का भुगतान किया।
बाद में आरोपी ने 23,500 रुपये अतिरिक्त ट्रांसफर किए और यह कहकर रकम वापस ले ली कि वह सोना नहीं लेना चाहता। बैंक की जांच में इस पूरे लेन-देन में 1,99,440 रुपये की संदिग्ध राशि सामने आई, जो साइबर ठगी से जुड़ी पाई गई।
डिजिटल साक्ष्यों से पुलिस तक पहुंचे आरोपी
दोनों मामलों की जांच के दौरान एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा थाना पुलिस ने UPI ट्रांजेक्शन, बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, CCTV फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 ग्राम सोने के सिक्के बरामद किए हैं, जिनकी बाजार कीमत करीब 1.80 लाख रुपये बताई जा रही है।
साइबर ठगी के नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह मामला साइबर ठगी से अर्जित रकम को सोने में बदलकर उसे खपाने की साजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों के पास साइबर ठगी की रकम कहां से आई, इसमें और कौन-कौन शामिल हैं तथा क्या यह किसी बड़े अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का हिस्सा है।
पुलिस ने लोगों और व्यापारियों से अपील की है कि बड़ी रकम के ऑनलाइन भुगतान स्वीकार करते समय सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध लेन-देन की तत्काल सूचना पुलिस एवं बैंक को दें।