

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur-daldal-seoni-apartment-fire-ac-blast-youth-injured-mowa
रायपुर। राजधानी रायपुर के दलदल सिवनी इलाके में शुक्रवार दोपहर एक 6 मंजिला अपार्टमेंट के तीसरे फ्लोर पर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही पूरे परिसर में धुआं फैल गया, जिससे अपार्टमेंट में रहने वाले लोग घबराकर अपने-अपने घरों से बाहर निकलने लगे। इस दौरान लोगों को सुरक्षित बाहर निकालते समय एक युवक घायल हो गया।
घटना मोवा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 1:30 बजे सुमित होलसेल के पास स्थित अपार्टमेंट के तीसरे फ्लोर पर रहने वाले के. अग्रवाल के फ्लैट में एसी फटने के बाद आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कुछ ही मिनटों में पूरे फ्लोर में धुआं भर गया।
आग की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को खबर दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते पूरे अपार्टमेंट को खाली करा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, हालांकि एक युवक को हल्की चोटें आई हैं। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह बिजली लाइन में तकनीकी खराबी या एसी ब्लास्ट मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।