

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur deepak tandon barkha tandon fir hotel property dispute
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में होटल कारोबारी दीपक टंडन की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। बिलासपुर में AI के जरिए तस्वीरों से छेड़छाड़ और कथित ब्लैकमेलिंग के मामले में गिरफ्तारी के बाद अब रायपुर में उनके और उनकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ एक और FIR दर्ज हुई है। इस बार मामला होटल की संपत्ति पर कब्जा करने, सरकारी सील तोड़ने और जबरन प्रवेश करने से जुड़ा है।
आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी की शिकायत पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की आठ धाराओं में अपराध दर्ज किया है। शिकायत में ताला तोड़ने, अश्लील हरकत करने और जान से मारने की धमकी देने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं।
2021 में लीज पर दी थी होटल की संपत्ति
FIR के मुताबिक, सरिता बाजपेयी ने साल 2021 में अपनी संपत्ति होटल और बैंक्वेट हॉल संचालित करने के लिए दीपक टंडन को लीज पर दी थी। इस संपत्ति में 'होटल बेलाकासा श्री' का संचालन किया जा रहा था। लीज की शुरुआती अवधि 2024 में समाप्त हो गई थी। इसके बाद आपसी सहमति से दो बार 11-11 महीने के लिए लीज बढ़ाई गई। इसकी अंतिम अवधि 7 अप्रैल 2026 को खत्म हो गई।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि करीब एक साल से किराया भी नियमित रूप से नहीं दिया जा रहा था। वहीं, प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं होने के कारण नगर निगम ने 18 अगस्त 2026 को होटल को सील कर दिया था।
सरकारी सील तोड़कर अंदर घुसने का आरोप
सरिता बाजपेयी के मुताबिक, 23 अगस्त को जब वह संपत्ति का कब्जा लेने पहुंचीं, तब बरखा टंडन, दीपक टंडन और उनके कर्मचारी नगर निगम की सील तोड़कर अंदर मौजूद थे। इसकी शिकायत नगर निगम में की गई, जिसके बाद संपत्ति को दोबारा सील कर दिया गया।
FIR में बताया गया है कि 30 सितंबर को चाबी सौंपने की बात हुई थी। इसके बाद 26 अक्टूबर को नगर निगम के जोन-10 के कर्मचारियों ने पुलिस की मौजूदगी में होटल की सील खोली और पंचनामा तैयार किया।
आरोप है कि अगले दिन यानी 27 अक्टूबर को जब सरिता बाजपेयी अपने साथी के साथ होटल पहुंचीं, तब दीपक टंडन, बरखा टंडन और उनके साथियों ने मुख्य गेट सहित अंदर के ताले तोड़ दिए और जबरन संपत्ति में प्रवेश कर लिया।
BNS की इन 8 धाराओं में दर्ज हुआ केस
पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS की धारा 126(2), 296, 3(5), 324(4), 329(4), 331(2), 331(5) और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है। शिकायत में अश्लील हरकत करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
AI तस्वीरों से छेड़छाड़ मामले में भी हो चुकी है गिरफ्तारी
गौरतलब है कि इससे पहले 6 नवंबर को बिलासपुर की सिरगिट्टी पुलिस ने दीपक टंडन को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया था। यह कार्रवाई बिलासपुर निवासी मणिशंकर पांडे की शिकायत पर हुई थी।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उनकी तस्वीरों के साथ AI तकनीक के जरिए छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक सामग्री तैयार की गई। इसके बाद न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें प्रसारित की गईं। आरोप है कि इस सामग्री का इस्तेमाल उनकी छवि खराब करने और ब्लैकमेल करने के लिए किया गया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने दो मोबाइल फोन जब्त किए थे। इस मामले में डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
दोनों मामलों की जांच अलग-अलग
दीपक टंडन के खिलाफ बिलासपुर में दर्ज मामला AI से तस्वीरों में छेड़छाड़ और कथित ब्लैकमेलिंग से संबंधित है, जबकि रायपुर की नई FIR होटल की संपत्ति और कब्जे के विवाद से जुड़ी है। दोनों मामले अलग-अलग हैं और पुलिस अपने स्तर पर जांच कर रही है। फिलहाल FIR में लगाए गए आरोपों की जांच होना बाकी है।