

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur divine cafe religious conversion-controversy 2026
रायपुर। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित कटोरा तालाब इलाके में उस समय हंगामा मच गया, जब डिवाइन कैफे में आयोजित एक ‘चंगाई सभा’ को लेकर धर्मांतरण और हिंदू देवी-देवताओं के अपमान के आरोप लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से चार लोगों को हिरासत में लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह सिविल लाइन क्षेत्र के डिवाइन कैफे में एक सभा आयोजित की गई थी, जिसमें करीब 100 से 150 लोग मौजूद थे। सभा को लेकर हिंदू संगठन के पदाधिकारी योगेश बरिहा को सूचना मिली कि वहां लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
योगेश बरिहा अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और सभा में शामिल होकर कार्यक्रम की जानकारी ली। उनका आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान ईसाई धर्म का प्रचार किया गया और उसे “सबसे बड़ा धर्म” बताया गया।
धर्म परिवर्तन के लिए नौकरी और इलाज का लालच?
शिकायतकर्ता के अनुसार सभा में मौजूद कुछ लोगों ने कथित तौर पर कहा कि अगर लोग ईसाई धर्म अपनाते हैं तो उन्हें सरकारी नौकरी, बेहतर इलाज और आर्थिक मदद मिलेगी। साथ ही यह भी आरोप है कि यीशु मसीह को भगवान से बड़ा बताया गया, जिस पर सभा में मौजूद कुछ लोगों ने विरोध जताया। विरोध के बाद दोनों पक्षों के बीच बहस और नारेबाजी शुरू हो गई। आरोप है कि इस दौरान धक्का-मुक्की और गाली-गलौज भी हुई।
शिकायत में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनमें सैफीन मसीह, अमीन क्रिश्चियन, जैकब दास, श्रीकांत मनहर और उदय प्रसाद शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मौके से सैफीन, आमीन, उदय और श्रीकांत नामक चार लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि कुछ अन्य लोग मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम का आयोजन बलौदाबाजार निवासी जैकब दास द्वारा कराया गया था। पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
हिंदू संगठन के सदस्यों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में धर्मांतरण, शांति भंग और अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद कटोरा तालाब और आसपास के इलाके में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई थी। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से हालात काबू में आ गए। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है।