

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur gondia memu train merger
रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने यात्रियों की सुविधा और बेहतर रेल कनेक्टिविटी को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। रेलवे ने रायपुर-डोंगरगढ़ और डोंगरगढ़-गोंदिया मेमू पैसेंजर ट्रेनों का विलय कर रायपुर से गोंदिया तक सीधी मेमू सेवा शुरू करने की घोषणा की है।
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, 8 जून 2026 से गाड़ी संख्या 68721 रायपुर-डोंगरगढ़ मेमू तथा गाड़ी संख्या 68723 डोंगरगढ़-गोंदिया मेमू को मर्ज कर गाड़ी संख्या 68723 रायपुर-गोंदिया मेमू पैसेंजर के रूप में संचालित किया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था से यात्रियों को डोंगरगढ़ स्टेशन पर ट्रेन बदलने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। रायपुर से गोंदिया तक यात्रा करने वाले यात्रियों को अब एक ही ट्रेन में सीधे सफर करने की सुविधा मिलेगी, जिससे समय की बचत होगी और यात्रा अधिक सुविधाजनक बनेगी।
नई समय-सारिणी के अनुसार, रायपुर-गोंदिया मेमू पैसेंजर रायपुर स्टेशन से प्रतिदिन शाम 7 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन सरस्वती नगर, सरोना, कुम्हारी, देवबलोदा चरोदा, भिलाई, भिलाई पावर हाउस, भिलाई नगर, दुर्ग, रसमड़ा, मुड़ीपार, परमालकसा, राजनांदगांव, बाकल, मुसरा, जटकन्हार और डोंगरगढ़ सहित मार्ग के विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव करते हुए महाराष्ट्र के कई स्टेशनों से होकर रात 11:15 बजे गोंदिया पहुंचेगी।
रेलवे के इस फैसले से रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, डोंगरगढ़ और गोंदिया के बीच दैनिक यात्रा करने वाले यात्रियों, छात्रों और कामकाजी लोगों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। साथ ही क्षेत्रीय रेल संपर्क भी और अधिक मजबूत होगा।