

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur gst raids arang abhanpur one crore tax evasion uncovered
रायपुर। राज्य जीएसटी विभाग ने रायपुर जिले के आरंग और अभनपुर क्षेत्र में संचालित विभिन्न उद्योगों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक करोड़ रुपये की टैक्स चोरी का खुलासा किया है। विभाग की टीम ने पिछले एक सप्ताह से लगातार अभियान चलाकर बिस्किट, बेकरी, बारदाना, पोल्ट्री, पेवर ब्लॉक और पेयजल कारोबार से जुड़े कई प्रतिष्ठानों में छापेमारी की। प्रारंभिक जांच में बड़े पैमाने पर कर चोरी और कारोबार छिपाने के मामले सामने आए हैं।
उत्पादन ज्यादा, रिटर्न कम
जीएसटी अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान यह पाया गया कि कई कारोबारी बड़े पैमाने पर उत्पादन और व्यापार करने के बावजूद या तो नियमित रूप से जीएसटी रिटर्न दाखिल नहीं कर रहे थे या फिर वास्तविक कारोबार की तुलना में बेहद कम टर्नओवर दिखा रहे थे। इससे सरकार को राजस्व का बड़ा नुकसान हो रहा था।
विभाग ने बताया कि अभनपुर के कोलार स्थित एक बिस्किट फैक्ट्री, सेजबहार क्षेत्र के किराना एवं बेकरी कारोबारियों और कुछ पोल्ट्री संचालकों के यहां अब तक करीब एक करोड़ रुपये की कर चोरी पकड़ी जा चुकी है। हालांकि जांच अभी जारी है, इसलिए अंतिम आंकड़ा इससे अधिक भी हो सकता है।
बंद परिसरों में चल रहा था कारोबार
अधिकारियों के मुताबिक कई फैक्ट्रियां ऊंची दीवारों और बंद परिसरों के भीतर संचालित की जा रही थीं, जिससे बाहर से उनके वास्तविक कारोबार का अनुमान लगाना मुश्किल था। फैक्ट्री परिसरों में बाहरी लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध था और कर्मचारियों को भी गतिविधियों की जानकारी सार्वजनिक नहीं करने के निर्देश दिए गए थे।
जांच में यह भी सामने आया कि सामान की ढुलाई करने वाले कई वाहनों पर किसी प्रकार की पहचान नहीं थी और कई मामलों में बिना वैध इनवॉइस के माल का परिवहन किया जा रहा था। इससे विभाग को कर चोरी की आशंका हुई और विशेष निगरानी शुरू की गई।
पहले की गई रेकी, फिर मारी गई रेड
जीएसटी विभाग ने कार्रवाई से पहले कई दिनों तक संबंधित क्षेत्रों में गोपनीय निगरानी की। अधिकारियों ने फैक्ट्रियों से निकलने वाले वाहनों की गतिविधियों की वीडियो रिकॉर्डिंग की, कर्मचारियों और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई तथा माल की आवाजाही पर लगातार नजर रखी।
पर्याप्त साक्ष्य और दस्तावेज मिलने के बाद ही विभिन्न प्रतिष्ठानों पर एक साथ छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान कई दस्तावेज, बिल, खातों से जुड़े रिकॉर्ड और डिजिटल डेटा की भी जांच की गई।
नए जीएसटी नियमों के तहत होगी कड़ी कार्रवाई
विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जीएसटी कानून में किए गए नए प्रावधानों के तहत कर चोरी और फर्जीवाड़े के मामलों में अब पहले से अधिक सख्ती बरती जाएगी। बार-बार कर चोरी या फर्जी लेनदेन में पकड़े जाने वाले कारोबारियों के खिलाफ गैर-जमानती अपराध के प्रावधान लागू किए जा सकते हैं, जिसके तहत दोषियों को सीधे जेल भी भेजा जा सकता है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
स्टेट जीएसटी आयुक्त पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि शहर के बाहरी क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर संचालित कारोबारों की जानकारी मिलने के बाद विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में ही लाखों रुपये की कर चोरी सामने आई है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार कर चोरी और फर्जीवाड़े के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। विभाग की इस कार्रवाई से रायपुर और आसपास के व्यावसायिक क्षेत्रों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।